नवाबगंज सूर्य विहार में बाइक सवार लुटेरों ने एक मार्निंग वॉकर वृद्ध को गोली मारकर चेन लूट ली। वृद्ध को रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले कल्याणपुर में भी बाइक सवार लुटेरों ने एक शख्स को तमंचा अड़ाकर नकदी और एटीएम लूट लिया। खास बात यह कि वारदात करने से कुछ मिनट पहले यह बाइक सवार लुटेरे वहीं खड़ी डॉयल 100 में सवार पुलिस वालों के साथ खड़े होकर बात कर रहे थे। पुलिस लुटेरों के पुलिस से संबंध के बारे में भी छानबीन कर रही है। रोडवेज के रिटायर्ड एआरएम धनीराम वर्मा (65) नवाबगंज के सूर्य विहार में रहते हैं। सुबह पांच बजे वे मार्निंग वॉक पर निकले थे। टहलते हुए वे पत्रकारपुरम स्थित पानी की टंकी के पास पहुंचे तभी बाइक पर आए दो युवकों ने उन्हों रोककर तमंचा सटा दिया। फिर एक युवक ने धनीराम के गले से सोने की चेन तोड़ने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने हाथापाई शुरू कर दी।
धनीराम ने शोर मचाया तो एक बदमाश ने तमंचे से फायर झोंक दिया। गर्दन के पास गोली लगने से धनीराम घायल होकर गिर पड़े पर उनके हाथ में चेन का कुछ हिस्सा फंस गया। इसके बाद बदमाश चेन का बाकी हिस्सा लेकर फरार हो गए।
पास ही रहने वाले रिश्तेदार और अन्य लोगों की मदद से धनीराम को हैलट लाया गया, जहां इलाज में लापरवाही देर परिजन उन्हें रीजेंसी ले गए। गंभीर रूप से घायल धनीराम का इलाज आईसीयू में चल रहा है। इस वारदात से कुछ देर पहले बाइक सवार बदमाशों ने कल्याणपुर में भी लूट की।
नरेश चंद्र शुक्ला (50) मानिकपुर शुगर मिल में सुपरवाइजर हैं और वहीं परिवार सहित रहते हैं। यहां आवास विकास एक में उनका घर है। नरेश चंद्र के मुताबिक रविवार सुबह सवा चार बजे वह टेंपो से बगिया क्रासिंग पहुंचे। वहां तीन सांवले रंग के युवक बाइक खड़ी कर डॉयल-100 के पुलिस कर्मियों से बातचीत कर रहे थे।
बकौल नरेश वह यहां से पैदल आवास विकास एक स्थित अपने घर की ओर जाने लगे। कुछ ही दूरी पर वही तीनों युवक बाइक से आए और नरेश की कनपटी पर तमंचा लगा दिया। युवकों ने नरेश की जेब से 1900 रुपये और एटीएम निकाल लिया। विरोध करने पर एक युवक ने नरेश पर लोहे की रॉड से वार कर दिया।
इसके बाद रुपये, एटीएम और अन्य सामान लेकर भाग निकले। नरेश तहरीर देने के लिए कल्याणपुर थाने गए पर वहां से उन्हें पीली पर्ची थमा दी गई। यह तब हुआ जब एक बजे यहां एसएसपी शलभ माथुर को तय कार्यक्रम के अनुसार पहुंचना था।
सूचना पाकर घटनास्थल पर एसएसपी शलभ माथुर, एसपी पश्चिमी राजेश एस, सीओ आतिश कुमार सिंह और नवाबगंज थाने की फोर्स पहुंची। इलाकाई लोगों से बदमाशों का हुलिया जानने की कोशिश हुई।
अस्पताल में पहुंचकर पुलिस अफसरों ने रिटायर्ड एआरएम का हाल जाना। नवाबगंज पुलिस ने शक के आधार पर दो-तीन युवकों को उठाया है। माना जा रहा है कि यह घटना जिसने भी की है, उसे एरिया की पूरी जानकारी है।