किशोरी बोली, कुछ भी हो बच्ची को अधिकार दिलाने के लिए लड़ूंगी कानूनी लड़ाई
‘मैंने नौ महीने बच्ची को कोख में रखा है, अब मैं ही उसको पालूंगी। बेटी को उसका हक दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई भी लडूंगी। पिता की बातों से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।’ यह बात जिला अस्पताल में भर्ती दुष्कर्म पीड़ित किशोरी ने कहीं।
हरदोई कछौना थाना क्षेत्र की किशोरी (16) के साथ उसी क्षेत्र के पप्पू (25) ने पिता की हत्या की धमकी देकर कई महीने तक दुष्कर्म किया था। किशोरी के गर्भवती होने पर परिजनों को इसका पता चला। इसके बाद पिता ने 17 अगस्त को पप्पू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार को महिला जिला अस्पताल में किशोरी ने एक बच्ची को जन्म दिया। ढाई किलो वजन की बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है। रविवार को किशोरी के पिता ने नवजात बच्ची को अपने साथ न रखने और आरोपी पप्पू के घर छोड़ने की बात कही थी। बच्ची को जन्म देने के कारण उस समय किशोरी की हालत ठीक नहीं थी।
सोमवार को किशोरी की ममता जाग गई। उसने दुष्कर्म करने वाले के खिलाफ भी हौसला दिखाया और कहा कि बेटी को उसका हक दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेगी। बोली, ‘नौ महीने मैंने उसे पेट में रखा है अब मैं ही उसे पालूंगी’। बेटी को सीने से लगाए किशोरी ने कहा कि मुझे पिता की बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता। कल पिता की बातों से मायूस हुई थी लेकिन बच्ची का चेहरा देखने के बाद हौसला बढ़ गया। कहा बच्ची को कैसे पालूंगी और कानूनी लड़ाई कैसे लडूंगी, इसकी जानकारी अभी नहीं है। लेकिन यह तय है कि बेटी की खातिर हर हाल में संघर्ष करूंगी। आरोपी अभी भी फरार है।