डेरापुर कसबे के नोनारी बाजार में बाइक से खजुर्रा लौटते समय सड़क दुर्घटना में अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया।
उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने डेरापुर-मंगलपुर मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया। प्रधान संघ अध्यक्ष व प्रधान के समझाने पर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया जा सका।
कसबे के खजुर्रा गांव निवासी विश्वनाथ उर्फ बउवा (55) शनिवार को बाइक से नोनारी बाजार से गांव लौटकर गांव के तिराहे पर खड़े होकर फोन पर बात कर रहे थे।
मंगलपुर कसबे की तरफ से आई बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे विश्वनाथ सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मीं हो गया। राहगीरों की मदद से उपचार के लिए डेरापुर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
अधेड़ की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीण भड़क उठे। गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलपुर-डेरापुर मार्ग जाम कर दिया। मौके पर प्रधान संघ अध्यक्ष सोबरन यादव व प्रधान शिवनारायण ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
इस दौरान एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई होगी।