लखनऊ से दिल्ली जा रही गोमती एक्सप्रेस में सवार रामा देवी, कानपुर निवासी युवक का रुपयों व कपड़ों से भरा बैग लेकर एक युवक चलती ट्रेन से कूद गया। पीड़ित ने झींझक स्टेशन पर घटना की जानकारी जीआरपी को दी। तत्पश्चात वह रिपोर्ट लिखाने के लिए कानपुर सेंट्रल रवाना हो गया है।
लखनऊ से दिल्ली जा रही गोमती एक्सप्रेस में कानपुर से सामान्य कोच में 373 सफीपुर प्रथम रामादेवी कानपुर निवासी सर्वेश शरण पुत्र रामस्वरूप सवार हुए। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली जाने के लिए ट्रेन में बैठे थे। उन्होंने अपना बैग सीट के ही ऊपर बनी जाली में रख दिया। ट्रेन जैसे ही पनकी रेलवे स्टेशन से चली, तभी खिड़की के पास ही खड़े एक युवक ने झपट्टा मारकर जाली से उसका बैग उठाया और उसे लेकर चलती ट्रेन में नीचे कूद गया, जब तक वह कुछ समझ पाता, तब तक ट्रेन की रफ्तार बढ़ने के कारण ट्रेन काफी आगे निकल चुकी थी। सर्वेश शरण ने बैग चले जाने पर शोर मचाया तो तमाम यात्री इकट्ठा हो गए। इस बीच ट्रेन के झींझक रेलवे स्टेशन पर पहुंची। अन्य यात्रियों ने उस लुटेरे का नाम रोमियो बताया था। ट्रेन से उतरकर पीड़ित ने जीआरपी झींझक को घटना की जानकारी दी। बताया कि वह दिल्ली मेट्रो ट्रेन में सीनियर टेक्नीशियन के पद पर नौकरी करता है। वहीं जा रहा था, रास्ते में उसका बैग चला गया। बैग में 20 हजार रुपये की नगदी, एटीएम कार्ड व कपड़े आदि रखे थे। जीआरपी ने छानबीन के बाद मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद पीड़ित रिपोर्ट लिखाने जीआरपी थाना कानपुर सेंट्रल के लिए रवाना हो गया। चौकी प्रभारी झींझक केके त्रिपाठी ने बताया कि युवक ने घटना की जानकारी दी थी। घटनास्थल कानपुर नगर जिले में है। इसलिए उसे जीआरपी थाना कानपुर सेंट्रल भेजा गया है। यह घटनास्थल गोविंदपुरी जीआरपी चौकी क्षेत्र के दायरे में आने की बात बताई गई है।