बिधनू के अटवा मिर्जापुर गांव निवासी मजदूर शिवनाथ पासवान की पत्नी गुड़िया (28) का शव उसके देवर के घर पर मिला। गुड़िया के पेट में दाईं ओर गोली लगी थी और चारपाई पर 315 का तमंचा रखा हुआ था।
थानाध्यक्ष आरएल पांडे के मुताबिक, मायके और ससुराल वालों का कहना है कि गुड़िया ने गोली मारकर आत्महत्या की है लेकिन स्पष्ट वजह नहीं पता चली है। प्रेम संबंध की बात भी सामने आ रही है। देवर फरार है। जांच की जा रही है। देवर के मिलने पर ही कुछ स्पष्ट होगा।
शिवनाथ के भाई दिनेश की पत्नी रामदुलारी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह करीब नौ बजे गुड़िया उनके घर आई थी, उस वक्त घर पर छोटा देवर धर्मेंद्र भी था। सास ससुर काम पर गए हुए थे। इसी बीच वह घर के बाहर पानी लेने चली आई, कुछ देर बाद ही भीतर से गोली की आवाज आने पर जब वह वापस घर पहुंची तो देखा कि गुड़िया चारपाई पर पड़ी थी और पेट से खून निकल रहा था। चारपाई पर ही पेट के पास तमंचा पड़ा था।
बाद में मौके पर पहुंचे गुड़िया के मायके वालों का कहना है कि देवर धर्मेंद्र की शादी की बात चल रही थी इस पर गुड़िया नाराज थी, जिस कारण चार दिन पहले परिवार में काफी विवाद हुआ था। पति शिवनाथ का कहना है कि उसे भी लग रहा है कि पत्नी ने सुसाइड ही किया है।