केशव प्रसाद माैर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य का कहना है कि जनता विधानसभा चुनावों में सपा-बसपा की जमानत जब्त करा देगी। यूपी में भाजपा की लहर अब आंधी बन चुकी है। दो चरणों के मतदान ने सपा-बसपाकी नींद हराम कर दी है। तीसरे चरण के चुनाव में कानपुर में साइकिल पंचर होगी तो हाथी बेहोश होगा।
गुरुवार को कानपुर के एकता चौराहे पर भाजपा के गोविंदनगर से प्रत्याशी सत्यदेव पचौरी के समर्थन में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि सपा ने लोक सेवा आयोग को भ्रष्टाचार आयोग बना दिया है। युवाओं को रोजगार नहीं मिलता, बीमार को दवाइयां नहीं मिलती, पानी नहीं है, शिक्षा नहीं है। सपा-बसपा ने यूपी को लूट लिया है। भाजपा ने वादा किया है कि वह किसानों का कर्जा माफ कर देगी और जरूरत मंद किसानों को बिना ब्याज के कर्ज देगी। सरकार बनी तो हर जिले में तीन महिला थाने बनाएंगे।
केशव ने कहा कि कई थानेदार और प्रशासनिक अधिकारी सपा के पदाधिकारी के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि ऐसे दागी अफसरों की सूची बनाकर दें। सपा शासन में पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को फर्जी मुकदमा लिखकर जेल भेजा है। सरकार बनने के बाद हिसाब-किताब होगा। कानपुर में भी पशुवध शाला (स्लाटर हाउस) बंद होगा। दूध देने वाले जानवर गाय, भैंस आदि का वध बंद होगा। उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार गुंडों और कब्जेदारों की सरकार है। भूमाफिया 11 मार्च से पहले कब्जा की हुईं जमीनें खाली कर दें।
राम नाम की माला जपी
केशव प्रसाद मौर्य ने भाषण की शुरुआत में ही कहा कि वह रामलला को नमन करते हैं इसकेअलावा उन्होंने कहा कि कोई रामनवमी का जुलूस निकाले और कोई उन पर गर्म पानी फेंके यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम का समापन भी जय श्रीराम के उद्घोष के साथ किया।