फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: प्रदेश को ‘मेफेड्रोन' हब बनाने की थी तैयारी, मिला अल्प्राजोलम बनाने का फॉर्मूला, डीआरआई ने डाला डेरा

Sat, 14 Nov 2026 09:18 AM IST
Himanshu Awasthi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: कानपुर और जालौन में पकड़ी गई सिंथेटिक ड्रग्स फैक्ट्रियों के तार मुंबई से जुड़ने के बाद अब राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने शहर में डेरा डाल दिया है। तस्करों के मोबाइल से खुलासा हुआ है कि गिरोह यूपी को मेफेड्रोन का हब बनाने की साजिश रच रहा था, जिसमें अल्प्राजोलम की मिलावट कर इसे और खतरनाक बनाया जा रहा था।

विज्ञापन
सरगना खय्याम - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जालौन में मेफेड्रोन की फैक्टरी और कानपुर से वहां तक कच्चा माल भेजने वाले तस्कर का पकड़ा जाना मामूली बात नहीं है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि गिरोह मुंबई के बाद अब यूपी को मेफेड्रोन का हब बनाने की साजिश रच रहा है। पुलिस को हाल ही में गिरफ्तार तस्कर रिजवान के मोबाइल फोन की जांच में इसके संकेत मिले हैं। मुंबई से मेफेड्रोन की यूपी में सप्लाई के दौरान होने वाले खतरे के चलते गिरोह ने यूपी के जालौन में ही मेफेड्रोन की फैक्टरी डाली।

विज्ञापन

वहीं, पुलिस को रिजवान के मोबाइल में अल्प्राजोलम (तंत्रिका तंत्र को शांत करने वाली दवा) बनाने का फार्मूला भी मिला है। मेफेड्रोन की तीव्रता को कम करने के लिए अल्प्राजोलम की मिलावट की आशंका है। फिलहाल, कमिश्नरेट पुलिस और राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) उनकी साजिश विफल करने के प्रयास में जुटी है। पुलिस की एक टीम मुंबई गई है,जबकि डीआरआई की टीम ने शहर में डेरा जमा रखा है।

Trending Videos

मेफेड्रोन बनाने की फैक्टरी का हुआ था भंडाफोड़
बीते माह जालौन के डकोर थाना क्षेत्र के रमपुरा गांव में गुलाब जल बनाने की आड़ में मेफेड्रोन बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ हुआ था। इसके पहले फजलगंज पुलिस ने एक करोड़ की (अंतरराष्ट्रीय कीमत) मेफेड्रोन के साथ कर्नलगंज के निजामुद्दीन को पकड़ा था। जालौन की फैक्टरी के पीछे भी कानपुर से कच्चा माल सप्लाई करने वाले बाबूपुरवा निवासी रिजवान का नाम सामने आया।

अल्प्राजोलम तैयार करने की विश्लेषणात्मक रिपोर्ट मिली
चार दिन पहले फजलगंज पुलिस ने रिजवान को भी 50 लाख की मेफेड्रोन के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस को रिजवान के मोबाइल से कई चौंकाने वाले साक्ष्य मिले हैं। मोबाइल पर शुद्ध 82 फीसदी अल्प्राजोलम तैयार करने की विश्लेषणात्मक रिपोर्ट मिली है। इसमें बाकायदा क्वालिटी कंट्रोलर की मोहर भी लगी है। इससे आशंका जताई जा रही है कि कुछ कथित शोधकर्ता भी तस्करों के साथी हो सकते हैं। इनकी देखरेख में ही मेफेड्रोन तैयार किया जा रहा है, जो कि नशे के अलावा जिंदगी के लिए भी बेहद घातक है।

एडल्टरेंट के रूप में किया गया अल्प्राजोलम का इस्तेमाल
रसायन विशेषज्ञों का कहना है कि तस्कर नशीले पदार्थों की मात्रा बढ़ाने या उनका असर बदलने के लिए अक्सर सस्ते या आसानी से मिलने वाले केमिकल्स और दवाओं की मिलावट करते हैं। हालिया पुलिस जांच रिपोर्ट में यह सामने आया है कि अवैध सिंथेटिक ड्रग्स में अल्प्राजोलम का इस्तेमाल एक एडल्टरेंट (मिलावटी तत्व) के रूप में किया गया है। मेफेड्रोन एक तीव्र उत्तेजक है जो बेचैनी, घबराहट और हृदय गति बढ़ाता है जबकि अल्प्राजोलम तंत्रिका तंत्र को शांत करने वाली दवा है। नशे के आदी लोग या तस्कर कई बार उत्तेजक ड्रग्स के बाद होने वाली तीव्र घबराहट को कम करने के लिए इनका मिश्रण करते हैं, जो सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।

बाराबंकी और फर्रुखाबाद से खंगाला जा रहा कनेक्शन
पूर्व में गिरफ्तार निजामुद्दीन के पास से पकड़ी एक करोड़ की मेफेड्रोन भी रिवर्स रूट मुंबई से दिल्ली होते हुए कानपुर आई थी। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कानपुर व जालौन के अलावा तस्करों का बाराबंकी और फर्रुखाबाद से भी कनेक्शन खंगाला जा रहा है। बाराबंकी के जैतपुरा और सफदरगंज थाना क्षेत्रों में मार्फीन बड़ी मात्रा में उपलब्ध रहने की जानकारी मिली है। इस कारण पुलिस की दो अलग-अलग टीमों को दोबारा इन दोनों जिलों में भेजा जाएगा। पुलिस के सूत्रों के अनुसार मेफेड्रोन की मुंबई में कीमत अधिक है यही वजह थी कि तस्करों ने यूपी में ही मेफेड्रोन बनाने का फैसला किया। इसी साल जालौन में फैक्टरी लगाकर बड़ी मात्रा में मेफेड्रोन बनाने की तैयारी की थी।

उरई में रजिस्टर्ड फर्म के नाम पर उतरता था कच्चा माल
पुलिस के मुताबिक रिजवान के मोबाइल पर दूसरा पर्चा कच्चे माल के बिल का मिला है। इस बिल में चार अगस्त को दिल्ली की एक सांइटिफिक फर्म से मेफेड्रोन बनाने के लिए खरीदे गए कच्चे माल का विवरण दर्ज है। हैरत की बात तो यह है कि दिल्ली से चला माल उरई शहर के इंद्रानगर स्थित एक फर्म पर आया था। उस फर्म का जीएसटी रजिस्ट्रेशन भी है। बिल में उसका जीएसटी का नंबर भी दर्ज है। बिल में मामले के आरोपी संतोष का नाम भी लिखा है। संतोष और रिजवान ने मिलकर ही मास्टरमाइंड खैय्याम के इशारे पर डकोर में मेफेड्रोन की फैक्टरी डाली थी। अगस्त में मंगाए गए माल की कीमत करीब 17 लाख रुपये के आसपास लिखी है।

कच्चा माल किसी लोडर अथवा ट्रक से नहीं बल्कि कार से आता था
पुलिस अब पता लगा रही है कि फर्म का मालिक कौन है और उसका संतोष व रिजवान से क्या कनेक्शन है। दिल्ली से माल किस गाड़ी से आता था और अगस्त के पहले व बाद में कब-कब कितना माल मंगाया है। तस्करों के साथी ने जीएसटी में रजिस्ट्रेशन कैसे और कब कराया है। इन बातों की जानकारी के लिए कानपुर की पुलिस ने जालौन की पुलिस से भी संपर्क साधा है। सूत्रों के अनुसार दिल्ली से कच्चा माल किसी लोडर अथवा ट्रक से नहीं बल्कि कार से आता था। इससे आसपास के दुकानदारों को किसी तरह का संदेह भी नहीं होता था। फजलगंज इंस्पेक्टर धनंजय सिंह का कहना है कि जल्द ही फर्म और उसके संचालक दोनों की वास्तविकता सामने आ जाएगी।

विज्ञापन

फैक्टरी के लिए मुंबई से रकम लेकर पहुंचा था संतोष
मास्टरमाइंड खयामुद्दीन उर्फ खैय्याम ने संतोष गांवली को मोटी रकम देकर ड्रग्स फैक्टरी खुलवाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद संतोष को जेल में साथ रह चुके हेमंत के पास भेजा गया। यहीं से मुंबई से शुरू हुआ नेटवर्क जालौन के रमपुरा गांव तक पहुंचा और ड्रग्स बनाने का काम शुरू हो गया। खयामुद्दीन की तैयारी थी कि फैक्टरी स्थापित होने के बाद संतोष उसे फोन पर जानकारी देगा। तैयार माल कानपुर निवासी रिजवान तक पहुंचाया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक खयामुद्दीन ने संतोष को यह भी हिदायत दी थी कि कानपुर निवासी रिजवान से केवल वही संपर्क करेगा और उसका परिचय किसी अन्य व्यक्ति से नहीं कराएगा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें