शासन को भेजी थी जांच रिपोर्ट
इसके साथ ही वन विभाग ने अपनी जांच रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजी थी। मामले में पुलिस ने सीमा, अशोक और विनय के नाम हटाते हुए उन्हें क्लीनचिट दे दी, जबकि पेड़ों को काटने का दोषी मेसर्स वुड मर्चेंट की प्रोपराइटर आरती तिवारी, ठेका लेने वाले ठेकेदार बिठूर के बैकुंठपुर निवासी राजेंद्र कुमार गौतम, अजय कुमार गौतम और एनएसआई के सुरक्षा कमांडर उदय प्रताप सिंह राठौर को बनाया है।
वन विभाग की रिपोर्ट में पाए जा चुके हैं दोषी
वन विभाग ने थाने में एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही स्वयं भी जांच शुरू की थी। एसडीओ आशीष जैन ने अपनी जांच में एनएसआई की डायरेक्टर व अन्य अधिकारियों को दोषी पाया था। अपनी रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजी थी। मामले में केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए निदेशक सीमा परोहा और संपदा अधिकारी विनय कुमार को निलंबित कर दिया था। ऐसे में पुलिस की जांच में दोनों का बेदाग निकलना गले नहीं उतर रहा।
कर्मचारी संघ ने की शिकायत, वन विभाग टीम घुस न सकी थी
एनएसआई कर्मचारी संघ के मंत्री अजीत कुमार, सभापति अरविंद कुमार सविता ने परिसर में लगे प्रोसोपिस, नीम, कनेर, शीशम, यूकेलिपटिस, जंगल जलेबी, चिलबिल, छितवन, लसोढ़ा आदि हरे पेड़ कटे देख वन विभाग को सूचना दी थी। क्षेत्रीय वन अधिकारी 27 मई 2026 को टीम के साथ जांच करने पहुंचे, तो उन्हें गेट के अंदर नहीं घुसने दिया गया।
मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद विवेचना दरोगा शुभम पांडेय ने विवेचना की है। गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर निदेशक, संपदा अधिकारी, फार्म प्रबंधक के नाम हटाए गए हैं। जांच के क्रम में दो नाम सामने भी आए। जिसके आधार पर चार के खिलाफ चार्जशीट कुछ दिन पहले न्यायालय में पेश की गई है। -एसएम कासिम आबिदी, डीसीपी वेस्ट