पटकापुर में संकरी गली में बना अपार्टमेंट और राधिका अपार्टमेंट के पास निर्माणाधीन अपार्टमेंट
- फोटो : amar ujala
कानपुर में पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में लगी आग से केडीए के अधिकारी और कर्मचारी भी झुलसेंगे। बिल्डरों के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी केस डायरी में प्राधिकरण के उन अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम भी दर्ज होंगे, जिनकी अनदेखी से अपार्टमेंट खड़ा हुआ है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि पांच फीट की सड़क और 120 वर्ग गज की जमीन पर बिना नक्शा पास कराए आखिर कैसे छह मंजिला अपार्टमेंट खड़ा हो गया।
इसकी जांच में जिस किसी भी केडीए अधिकारी और कर्मचारी का नाम सामने आएगा साजिश का आरोपी मानते हुए उसका नाम केस डायरी में दर्ज किया जाएगा। सोमवार को अपार्टमेंट में लगी आग में दो की मौत के बाद पुलिस ने पांच बिल्डरों मन्नू रहमान, मोहित तिवारी, प्यारे खान, सफीक और सरबजीत कौर के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इलाकाई लोगों का आरोप है कि आधुनिक सुविधाओं के सब्जबाग दिखाकर उन्हें 15 से 20 लाख रुपये फ्लैट बेचे गए थे।