बिठूर में नशीला स्प्रे छिड़ककर तीन घरों से लाखों का माल पार कर दिया गया। एक घर से चार लाख की एफडी भी चोर उठा ले गए। एक साथ तीन घरों में चोरी से मोहल्ले में रोष फैल गया।
सूचना पर थाने के सिपाही जांच करने पहुंचे। इंस्पेक्टर संजय मिश्रा ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। गंगपुर गांव बिठूर के किसान प्यारेलाल ने बताया कि शनिवार रात वह घर के बाहर सोए थे, जबकि पत्नी रानी, बेटा राजेंद्र, बेटी रुचिका, बहू रुचि घर के भीतर सोए थे।
सुबह घर के सभी सदस्य देर से उठे और सिर भारी होने की बात कहने लगे। जिस कमरे में परिवार सोया हुआ था उसके बगल वाले कमरे में रखी अलमारी तोड़कर चोर डेढ़ लाख के जेवर, 70 हजार रुपये नगद सहित कीमती सामान समेट ले गए।
घर के लोग चोरी गए सामान का ब्यौरा जुटा ही रहे थे कि पड़ोस में रहने वाली ममता शर्मा के घर भी चोरी की सूचना मिली। ममता अपने दोनों बेटों शिवम और सत्यम के साथ कमरे में सोई थी। चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर डेढ़ लाख की ज्वैलरी और एक-एक लाख की चार एफडी के अलावा पांच हजार रुपये पार कर दिए।
ममता ने बेटी के शादी के लिए ज्वैलरी और पैसे इकट्ठे किए थे। इनके पड़ोसी प्रापर्टी डीलर अजीत शर्मा के घर से चोर मोबाइल व घरेलू सामान समेट ले गए।
तीनों घरों के लोग सिर भारी होने की बात कहते रहे। इससे नशीला स्प्रे छिड़ककर वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है।
आईआईटी कर्मी के घर लाखों की चोरी
कानपुर। कल्याणपुर में आईआईटी कर्मी के मकान से चोर लाखों की ज्वैलरी और नगदी ले गए। आईआईटी कर्मी ने घटना की तहरीर कल्याणपुर थाने में दी है। अशोक नगर कल्याणपुर निवासी किशन शुक्ला आईआईटी कैंपस की मेंटीनेंस कंपनी में कार्यरत हैं।
किशन ने बताया कि पत्नी मोनी और बेटा हर्षित शनिवार को लखनऊ में एक शादी समारोह में शामिल होने को गए थे। नाइट शिफ्ट होने के कारण किशन देर शाम मेन गेट पर ताला बंद करके ऑफिस चले गए।
पड़ोसी बीएल मिश्रा ने किशन को देर रात मेन गेट का ताला टूटने की सूचना दी। घर लौटने पर किशन को आलमारी का ताला भी टूटा मिला। चोर आलमारी में रखे 2.60 लाख के जेवर, 75 हजार रुपये समेत कीमती सामान ले गए। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि जांच चल रही है।