पुलिस ने सील किए नमूने, कराई जाएगी फोरेंसिक जांच
उन्नाव-रायबरेली मार्ग स्थित सिकंदरपुर करन के पास सकरी पुलिया के नीचे मंगलवार शाम तेज धमाके से सनसनी फैल गई। काफी दूर तक धमक और धुएं के गुबार से दहशत में आए लोग घटना के बाद पुलिया से निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। इसके चलते उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर कई किमी लंबा जाम लग गया। बम विस्फोट की सूचना के काफी देर बाद पुलिस हरकत में आई। अचलगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद और कोई विस्फोटक न होने की पुष्टि की तब लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान दो घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस को शक है कि किसी ने पटाखा बनाने वाला बारूद यहां छिपाकर रखा था जिसमें सीलन की वजह से विस्फोट हुआ है। पुलिस उसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज रही है।
अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव रानीगंज स्थित संकरी पुलिया के नीचे मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अचानक तेज धमाका हुआ। धमाका इतनी तेज था कि पुलिया के निकट के गांव सिकंदरपुर करन, रानीगंज, टिकौली व आस-पास के गांवों तक आवाज जा पहुंची। बम के धमाके से पुलिया धसने की अफवाह पर वहां सैकड़ों लोग पहुंच गए। दहशत के चलते लोग पुलिया से निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। लोगों खेतों से होकर निकले। करीब दो घंटे बाद पहुंची अचलगंज थाना पुलिस ने जांच की तो पता चला कि वहां और कोई विस्फोटक नहीं है। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। जिस जगह विस्फोट हुआ वहां करीब दो फिट गहरा गड्ढा हो गया है। जानकारी होने पर पहुंचे कार्यवाहक थानाध्यक्ष आरएस द्विवेदी ने विस्फोट वाले स्थान से कुछ दूर पर मिला एक प्लास्टिक का थैला कब्जे में लिया है। अनुमान है कि इसी थैले में गंधक या और कोई विस्फोटक रखा गया होगा। पुलिस के मुताबिक यह गंधक आतिशबाजी बनाने में प्रयोग किया जाता है।