प्रेतबाधा दूर करने के नाम पर तांत्रिक ने दो साथियों के साथ मिलकर किशोरी की आबरू ही लूट ली। आश्रम के बाहर बैठी लड़की की मां को पता भी नहीं था कि वह जिन्हें अपना ‘देवता’ समझकर बेटी को ठीक कराने आई है वही ‘दैत्य’ बनकर उसकी बेटी का ये हाल कर देंगे।
हरदोई पिहानी कोतवाली क्षेत्र के डर्रा गांव स्थित निपनिया बाबा का आश्रम में तांत्रिक ने दो साथियों के साथ किशोरी के साथ दो बार सामूहिक बलात्कार किया। मां-बेटी को आश्रम में कई घंटे तक बंधक भी रखा गया। रविवार को किसी तरह मां बेटी घर पहुंची और मंगलवार को कोतवाली जाकर मुकदमा दर्ज कराया। तांत्रिक और उसके दो साथियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, दलित उत्पीड़न और पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मझिला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय दलित बिरादरी की किशोरी कई महीने से बीमार चल रही थी। परिजन उसका इलाज करा रहे थे लेकिन हालत में सुधार नहीं हो रहा था। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के डर्रा गांव के बाहर निपनिया बाबा का आश्रम है। इस आश्रम में गांव का मुकेश झाड़ फूंक करता है। 12 मई को मुकेश किशोरी के गांव पहुंचा और किशोरी के पिता से मुलाकात की।