घर के नजदीक कब्रिस्तान में पड़ी मिली लाश
बांदा में ऐतिहासिक कालिंजर किले के पास गैंगरेप के बाद बच्ची के चेहरे का मांस नोच ले गए ‘खूंखार दरिंदे’। धनतेरस की शाम पड़ोसी के घर कुछ अच्छा खाना मिलने की उम्मीद से निकली 14 वर्षीय बच्ची की अज्ञात लोगों ने निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी। शव अर्द्धनग्न अवस्था में घर से 200 मीटर दूर कब्रिस्तान में मिला।
घटना कालिंजर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। बेहद गरीब परिवार की बच्ची शुक्रवार को शाम घर से यह कहकर निकली थी कि पड़ोसी के घर जा रही है। सुबह उसका शव कब्रिस्तान में पड़ा मिला। जिस्म के ऊपरी हिस्से के कपड़े बरकरार थे। निचले हिस्से के कपड़े गायब मिले। चेहरे का मांस नुचा था। पास में ही खून के छींटों वाला पत्थर भी पड़ा था। शनिवार सुबह कालिंजर किले में मंदिर जा रहे ग्रामीणों ने देखा तो चौकीदार व घर वालों को खबर दी। थानाध्यक्ष अनूप पांडेय पुलिस बल के साथ आ गए। पुलिस ने मौके की जांच पड़ताल कर खून भरे मिट्टी के नमूने लिए और शव को सीलबंद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृृतका की दादी ने बताया कि अक्सर पड़ोस के लोग उसे और उसके अन्य भाई-बहनों को खाना दे देते थे। थानाध्यक्ष अनूप पांडेय का कहना था कि अभी रिपोर्ट इसलिए नहीं दर्ज हुई कि किसी ने तहरीर नहीं दी है।