मामा के साथ छत पर बने कमरे में सो रहे ग्राम प्रधान के बेटे को बदमाशों ने केरोसीन छिड़कर जला दिया। इसके बाद उसे जलते हुए ही छत से फेंक कर फरार हो गये। मामा नशीली दवा सुंघाई गई जिसकी वजह से उसे होश नहीं आया।
कन्नौज तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के महतेपुर्वा ग्राम पंचायत की प्रधान नन्हीं देवी कठेरिया का बेटा सोनू (18) अपने मामा नन्हें के साथ छत पर बने कमरे में सो रहा था। आरोप है कि रविवार की रात 2.30 के करीब दो बदमाश छत पर चढ़ आए और नन्हें को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद सोनू पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी और नीचे फेंक दिया। सोनू के चिल्लाने पर परिजन जागे और यूपी 100 को फोन पर सूचना दी। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को 108 एंबुलेंस से तिर्वा मेडिकल कालेज की इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। बाद में उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। कोतवाली के एसआई वीके यादव ने बताया कि ग्राम प्रधान की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।