कानपुर शहर में सोमवार को दिल्ली पुलिस ने एल एंड टी (लार्सन एंड टूब्रो) कंपनी के नकली प्रोडक्ट बेचे जाने की जानकारी पर लोकल फोर्स के साथ चार बड़ी दुकानों पर छापा मारा। पुलिस ने इन बड़े कारोबारियों के यहां से करीब 40 लाख का डुप्लीकेट सामान बरामद किया है, जिसे वे जब्त कर दिल्ली ले गए।
एल एंड टी देश की बहुराष्ट्रीय कंपनी है जिसका मुख्यालय मुंबई में है। दिल्ली में भी कंपनी का ऑफिस है। इस कंपनी में ट्यूबवेल में लगने वाली स्टार्टर मशीन, मोटर समेत अन्य पार्ट्स बनते हैं। कंपनी के एडवोकेट अक्षय श्रीवास्तव के मुताबिक कंपनी को काफी समय से डुप्लीकेट प्रोडक्ट बेचे जाने की जानकारी मिल रही थी। इस पर कंपनी ने दिल्ली के साकेत जिला न्यायालय में शिकायत की थी। जिसके आदेश पर दिल्ली के एसीपी सुमित कुमार और स्मिता ने लोकल पुलिस के साथ मनीराम बगिया में विकास जैन की विकास इलेक्ट्रिानिक, लाटूश रोड में अब्दुल मोईन की हिमालय इलेक्ट्रिानिक्स, अब्दुल मोबिन की ग्रांड इलेक्ट्रिानिक्स और दादानगर में ईएल मेट छापा मारा। जहां पुलिस को कंपनी का डुप्लीकेट सामान बरामद हुआ। एडवोकेट अक्षय ने बताया कि कोर्ट ने नकली प्रोडक्ट बरामद करने का आदेश दिया था। अब पुलिस कोर्ट को रिपोर्ट देगी। फिर कोर्ट से आरोपियों की गिरफ्तारी का आदेश जारी होगा।