हमीरपुर जिले में जरिया थाना क्षेत्र के खेड़ा शिलाजीत गांव में (38) वर्षीय महिला संतोषी व उसके पारिवारिक भतीजे सत्येंद्र (25) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गांव में अलग-अलग मवेशियों के बाड़ों में पड़े मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की चर्चाएं की जा रही हैं।
मृतक सत्येंद्र की अगले 15 दिन बाद शादी होनी थी। दोनों के शवों में चोट के निशान भी नहीं है। ऑनर किलिंग की संभावना भी जताई जा रही है। शुक्रवार शाम करीब छह बजे दोनों बाइक से कहीं बाहर निकल गए थे। इस पर परिजन रात भर ढूंढते रहे।
मृतका के बेटे आशीष ने बताया कि उनकी मम्मी मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। मना करने पर वह छत से कूदी और आगे बाइक लिए खड़े किसी युवक के साथ चलीं गईं। गांव निवासी शिवकरन तिवारी ने कहा कि उन्होंने इस प्रकार की घटना पहली बार देखी है।
बताया कि जिन बाड़ों में शव मिले हैं उनमें बाहर से दरवाजों पर ताले लगे थे। युवक के शरीर में चोटों के निशान नहीं है। वहीं महिला के गर्दन में साड़ी लिपटी मिली है। मृतक सत्येंद्र के पास मृतका का मोबाइल मिला है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों के शव अलग-अलग बाड़ों में मिले हैं। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होना बताया जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों परिवारों ने तहरीर दी है।