बर्रा पांच में तीन दिन पहले चौदह साल के किशोर हीरालाल की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण सुराग लगा है। कोचिंग मंडी से कुछ दूर हाईवे के खंभे पर एक डोम कैमरा लगा मिला है जिसमें वारदात कैद हो सकती है।
ये कैमरे हैवी पावर के, बड़ी रेंज वाले होते हैं जिनमें तस्वीर बिल्कुल साफ आती है। ये सीसीटीवी कैमरे की तुलना में काफी ज्यादा दूर तक की पिक्चर कैद करते हैं।
घटनास्थल के पास डिप्टी सीएमओ एके जाटव के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज पुलिस को शनिवार को मिल जाएंगे। डोम कैमरे और सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से कुछ न कुछ सुराग जरूर मिलने की उम्मीद पुलिस को है। डोम कैमरे की फुटेज के लिए पुलिस ने नेशनल हाईवे के दफ्तर रायपुर (कानपुर देहात) से संपर्क किया है।
गोली की होगी फोरेंसिक जांच
पुलिस हीरालाल के शरीर से निकली गोलियों की फोरेंसिक जांच कराएगी। माना जा रहा है कि .32 बोर की गोली यदि किसी लाइसेंसी पिस्टल से चली होगी तो उसका कोड भी उस पर अंकित होगा। जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
एक नाम के दो अपराधियों पर शक
सूत्रों की मानें तो इलाकाई लोगों से पूछताछ में पुलिस को एक शातिर अपराधी का नाम पता लगा है, लेकिन उसी नाम के दो अपराधी होने की वजह से पुलिस पसोपेश में पड़ी है, एक नौबस्ता तो दूसरा बर्रा दो का है।
कोचिंग बंक करने वालों की सूची
पुलिस ने कोचिंग संचालकों से मिलकर लापरवाह और बंक मारने वाले छात्रों की भी सूची लेने का मन बनाया है। पुलिस को जानकारी मिली है कि कोचिंग मंडी की एक छात्रा गुरुवार से लापता है। परिजनों से मिले नंबरों पर भी पुलिस काम कर रही है।