युवक के घर के बाहर ग्रामीणों व परिजनों की लगी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के नई दिल्ली डेरा में मंगलवार शाम देवी स्थान पर पटाखे छुड़ाते समय दो युवकों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना के बाद रात करीब 11 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में एक पक्ष के युवक का शव मकान के सामने पेड़ पर लटकते मिला।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पढ़ोरी गांव के मजरा नई दिल्ली डेरा में मंगलवार शाम करीब छह बजे देवी पंडाल में पटाखे छुड़ाते समय वीरू (19) पुत्र मनोज पाल व महेश (16) पुत्र रामायण पाल के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।
झगड़े की खबर मिलने पर वीरू की मां मुन्नी पहुंची और बीच बचाव किया। इस बीच महेश का पिता और परिवार के लोग वीरू की तलाश में लाठी डंडों से लैस होकर उसके घर जा पहुंचे। जिस पर वीरू के पिता मनोज ने झगड़े को टालते हुए कहा कि वह घर में नहीं है, लेकिन वह लोग यह कहकर चले गए कि देख लेंगे।
पिता मनोज ने बताया कि कुछ देर बाद जब वीरू घर नहीं आया तो वह परिजनों को लेकर उसने उसकी तलाश शुरू की। आरोप लगाया कि रात करीब 11 बजे वह वीरू की तलाश कर लौट रहे थे।
उसी दौरान आगे चल रहे उसका भाई अशोक व लल्लूराम ने देखा कि रामायण प्रसाद बबूल के पेड़ पर चढ़कर रस्सी से वीरू को लटकाए है व नीचे खड़े छोटू उर्फ शिवपूजन, वीरेंद्र, रज्जू व महेश कह रहे थे कि मर चुका है।
आरोपियों की जैसे ही उन पर नजर पड़ी तभी वह लोग भाग निकले। कहा कि बेटे को रस्सी से लटका देख शोर मचाया। घटना की सूचना बुधवार की सुबह पुलिस को देकर मामला दर्ज करने की मांग की। कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित पिता मनोज की तहरीर पर रामायण प्रसाद, छोटू उर्फ शिवपूजन, वीरेंद्र, रज्जू व महेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।