शोहदों से परेशान होकर आत्महत्या करने की चिट्ठी घर में छोड़कर गई छात्रा को पुलिस ने प्रेमी शिक्षक के साथ बरामद कर लिया है। छात्रा ने शादीशुदा प्रेमी शिक्षक का धर्म परिवर्तन कराकर उसके साथ मार्च 2018 में शादी की थी। पुलिस ने प्रेमी युगल का सहयोग करने वाले उनके दो दोस्तों को भी गिरफ्तार किया है। इन सभी के खिलाफ पुलिस की ओर से धोखाधड़ी का मुकदमा कोतवाली में दर्ज किया गया है। मामला यूपी के फर्रुखाबाद जिले का है।
फर्रुखाबाद शहर कोतवाली के एक मोहल्ला निवासी छात्रा 9 जनवरी को शोहदों से परेशान होकर आत्महत्या करने की चिट्ठी में लिखकर उसे घर में छोड़कर चली गई थी। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। रामगंगा पुल के पास छात्रा का बैग और चप्पल मिलने पर पुलिस ने रामगंगा में गोताखोरों से करीब दस घंटे तलाश कराई। एसपी संतोष मिश्रा ने स्वाट प्रभारी कुलदीप दीक्षित, सर्विलांस प्रभारी विनय प्रकाश, शहर कोतवाल राजेश पाठक को टीम के साथ लगाया। छात्रा के मोबाइल की लोकेशन फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन में मिली। टीम ने गुरुवार रात को शहर के मसेनी चौराहा के पास से छात्रा को बरामद कर उसके प्रेमी शिक्षक लोकेश उर्फ सफर खां को गिरफ्तार कर लिया। इनसे पूछताछ की गई तो कहानी खुलकर सामने आई। इसके बाद पुलिस ने लोकेश उर्फ सफर के दो दोस्तों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक संतोष मिश्रा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि फर्रुखाबाद के मोहल्ला हनुमान गढ़ी निवासी लोकेश उर्फ सफर खां 2015 में एक विद्यालय में बायोलॉजी का शिक्षक था। उस विद्यालय में तब छात्रा कक्षा 11 में पढ़ती थी। छात्रा शिक्षक के पास कोचिंग पढ़ने जाती थी। इन दोनों में प्रेम प्रसंग हो गया। 2016 से छात्रा शिक्षक के घर आने जाने लगी। 2017 में छात्रा ने इंटरमीडिएट पास कर लिया। छात्रा ने शहर के एक मंदिर में लोकेश के साथ शादी कर ली। नाबालिग होने से वह चुप बनी रही। 23 नवंबर 2017 को लोकेश की आंचल वर्मा नाम की लड़की से उसके परिवार वालों ने शादी करा दी। इसके बाद भी लोकेश और छात्रा मिलते रहे। इसका आंचल ने विरोध किया तो छात्रा और आंचल का विवाद हो गया।
जनवरी 2018 में छात्रा ने लोकेश का धर्म परिवर्तन कराकर नाम लोकेश के स्थान पर मोहम्मद सफर खां रखवा दिया। पुराना कोठा पार्चा मोहल्ला निवासी सेवानिवृत्त दीवानी न्यायालय के प्रशासनिक अधिकारी मोहम्मद अलीम खां के पुत्र मुदस्सिर ने हाजी बनकर वीडियोकॉल के माध्यम से लोकेश और छात्रा का तीन मार्च 2018 को निकाहा कराया। शादी कराने में एक प्राइवेट विद्यालय के मैनेजर रमेश चंद्र राजपूत के पुत्र अंकित ने भूमिका निभाई। एसपी ने बताया कि तीनों युवक और छात्रा के खिलाफ पुलिस की ओर से धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं लोकेश उर्फ सफर खां की पहली पत्नी आंचल की तहरीर पर छात्रा के खिलाफ धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसके अलावा छात्रा के पिता ने जो तहरीर दी थी। उस पर छात्रा को बहला कर ले जाने की रिपोर्ट आरोपियों के खिलाफ दर्ज की गई है।
फर्जी काजी बनकर शादी कराने वाला युवक एमबीए का छात्र
छात्रा और प्रेमी शिक्षक से शादी कराने को काजी बनने वाला युवक मुदस्सिर पूर्व प्रशासनिक अधिकारी मोहम्मद अलीम खां का छोटा पुत्र है। वह लखनऊ से एमबीए कर रहा है। दूसरा मित्र अंकित राजपूत एलएलबी प्रथम सेमेस्टर का छात्र है। इसके पिता रमेश चंद्र राजपूत ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल के मैनेजर हैं। अंकित की एक बहन है। दोनों युवकों ने बताया कि वह दोस्ती में फंस गए। इनका कोई ऐसा इरादा नहीं था।
बोलोरो गाड़ी से शिक्षक के साथ छात्रा कानपुर गई थी
कोचिंग पढ़ने जाने को घर से निकली छात्रा रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद के एक रेस्टोरेंट के पास पहुंची। वहां से शिक्षक लोकेश उर्फ मोहम्मद सफर खां के साथ बोलेरो गाड़ी पर बैठकर रामगंगा पुल के पास गई। वहां पर छात्रा ने अपनी चप्पले और बैग पुल के नजदीक डाल दिया। इसके बाद दोनों लोग कानपुर चले गए। दोनों ने कुछ दिन पूर्व हीं नया मोबाइल खरीदा था।