जॉब साइट से सीवी हैक कर युवती से नौ लाख ठगने के आरोपी को क्राइम ब्रांच टीम ने मेरठ से धर दबोचा। आरोपी ने बताया कि सरगना नेपाल में है। ठगी का खेल नोएडा स्थित कॉल सेंटर से चल रहा है।
सीओ क्राइम ब्रांच विवेक त्रिपाठी ने शनिवार को कोतवाली में प्रेस वार्ता में बताया कि किदवई नगर एच-टू ब्लॉक चंद्रगंगा अपार्टमेंट निवासी नीता गुप्ता ने नौकरी के लिए शाइन डॉट कॉम पर अपना सीवी डाला था। ठगों ने सीवी हैक करके 7 दिसंबर 2015 को संपर्क किया। ठगों ने मल्टीनेशनल कंपनी में उच्च पद और लाखों के पैकेज का सपना दिखाकर कई जगह ऑन लाइन इंटरव्यू कराया। वहीं, फोन पर जाल में फंसा कर सात बार में नौ लाख रुपये अपने खाते में जमा कराए।
ठगी का पता चलने पर नीता ने किदवई नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच ने जिन खातों में रुपये जमा हुआ था, उनमें से शातिर कंकडखेड़ा मेरठ निवासी अनमोल सिंह को दो दिन पहले गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि कॉल सेंटर में काम करने वाले युवकों ने ठगी का गैंग बनाया है।
ये लोग टेल कम्युनिकेशन के जरिए नौकरी का झांसा देकर लोगों से ठगी करते हैं। ठगों का मास्टर माइंड अभिनव उर्फ सिद्धार्थ नेपाल से गैंग को संचालित करता है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
ठगी के बाद संदिग्ध हालात में बीडीएस छात्रा लापता
कृष्णा विहार सुल्तानपुरी दिल्ली निवासी सुनीता मंधना के महाराणा प्रताप डेंटल कॉलेज में बीडीएस फाइनल ईयर की स्टूडेंट है। उसके साथ हुई ठगी के बाद से वह लापता है। दिल्ली से आई बड़ी बहन पूनम ने बिठूर थाने में जौनपुर निवासी मनोज मिश्रा नामक युवक पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। कहा कि टावर के नाम पर उसने दो लाख रुपये बहन से ठग लिए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।