धनतेरस पर सिविल लाइंस में एक कंपनी के अकाउंटेंट से तीन लाख रुपये लूट कर भाग रहे एक बदमाश को पकड़ने के लिए पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवान मान सिंह यादव ‘धन रक्षक’ बनकर सामने आया। जान पर खेलकर जवान ने बदमाश को दबोचने के साथ रुपयों से भरा बैग भी बचा लिया। हालांकि दूसरा लुटेरा भाग निकला। पुलिस को बुलाकर लूटी गई रकम और बदमाश को सौंप दिया गया। लुटेरे को क्राइम ब्रांच के हवाले कर दिया गया है।
शांति नगर रेलबाजार निवासी मिहिर तिवारी बिरहाना रोड स्थित पवन अग्रवाल की केमिकल बनाने वाली फर्म यूनाइटेड सल्फाइड प्राइवेट लिमिटेड में अकाउंटेंट है। वह दोपहर 2:15 बजे सिविल लाइंस स्थित एक्सिस बैंक से तीन लाख रुपये निकालकर निकले। वे अपनी बाइक स्टार्ट कर ही रहे थे कि पल्सर सवार दो बदमाश आए और मिहिर से रुपयों भरा बैग छीनकर भाग निकले। मिहिर शोर मचाता उनके पीछे दौड़ा।
उधर, कोषागार के गेट के पास बदमाश जाम में फंस गए और उनकी बाइक गिर गई। पीछे से आ रहे मिहिर का शोर सुनकर कोषागार गेट पर तैनात पीआरडी जवान मान सिंह ने बाइक संभाल रहे लुटेरे को धर दबोचा जबकि दूसरा भाग निकला। इतने में भीड़ जुट गई और लुटेरे पर टूट पड़ी।
बाद में कोतवाली पुलिस पहुंची और लुटेरे को ले गई। यहां मिहिर तिवारी की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई। कोतवाली पुलिस के अनुसार लुटेरे ने अपना नाम अमर गाबिल निवासी जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल) बताया है। फरार साथी का नाम रोहित बताया है। लुटेरे से बरामद पल्सर पर लखनऊ का नंबर है। बदमाश ने बताया कि वह लोग सोमवार को ही इलाहाबाद से यहां आए थे और वारदात की। इंसपेक्टर ने बताया कि पूरा मामला क्राइम ब्रांच को दे दिया गया है।