कानपुर पनकी में बुधवार तड़के गश्त के दौरान पकड़ने पर बदमाश ने पनकी मंदिर चौकी प्रभारी अनुराग सिंह को गोली मार दी। गोली अनुराग की ठुड्डी पर लगी और वह लहूलुहान होकर गिर गए। उनका हमराह सिपाही दुबक गया और बदमाश भाग निकले। बाद में सिपाही चौकी प्रभारी को हैलट अस्पताल ले गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस अफसर कई थानों की फोर्स और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने 12 से ज्यादा लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है, लेकिन अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा है। उधर, दोपहर को चौकीप्रभारी को अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया।
चौकी प्रभारी अनुराग सिंह हमराह सिपाही गिरजेश कुमार के साथ गश्त कर रहे थे। तड़के लगभग 3:00 बजे दोनों बुलेट से गश्त करते हुए गंगागंज-भाग एक से कपली मोड़ जाने वाले रास्ते पर पहुंचे। चौकी प्रभारी ने बताया कि कपली मोड़ के पास उन्हें एक युवक संदिग्ध हालात में खड़ा नजर आया। उसने काले रंग का शाल ओढ़ रखा था। वह बुलेट से वहां पहुंचे तो युवक शॉल छोड़कर पैदल भाग निकला। पीछा किया तो बदमाश बृजेश तिवारी के घर के बाहर खड़ी कार के नीचे दुबक गया। चौकी प्रभारी ने सिपाही की मदद से बदमाश को दबोच लिया। इस पर उसने साबड़ से वार कर दिया। यह देख सिपाही ने उसकी डंडे से पिटाई शुरू कर दी। सिर पर डंडा लगने से उसका सिर फट गया। इसके बाद बदमाश ने अपनी कमर में खुंसा तमंचा निकाला और उन पर गोली चला दी।
2 of 4
घटना की जानकारी देता सिपाही
गोली उनकी ठुड्डी चीरते हुए निकल गई। गोली लगने से वह लहूलुहान होकर गिर गए। इसके बाद बदमाश ने तमंचे में दूसरा कारतूस लोड कर लिया। यह देख सिपाही बैक फुट पर आ गया और बदमाश मौके से भाग निकला। इसके बाद घटनास्थल के आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए और उन्हें हैलट ले गए। इधर चौकी प्रभारी को गोली मारे जाने की सूचना पाकर एसपी पश्चिम डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी पूर्वी अनुराग आर्या भारी फोर्स और डॉग स्क्वायड के साथ पहुंचे। मौकेपर पुलिस अफसरों को 315 बोर का खोखा, शॉल और साबड़ मिला है। पुलिस ने यह सभी चीजें कब्जे में ले ली हैं। डॉग स्क्वायड घटनास्थल से सूंघते हुए एक घर में पहुंचा। पुलिस ने उस घर की छानबीन की। पुलिस ने शक के आधार पर पनकी और आसपास के इलाके के 12 से ज्यादा लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है। दोपहर में आईजी आलोक सिंह और एसएसपी अखिलेश कुमार ने गोविंद नगर स्थित चौकी प्रभारी के घर जाकर उनका हालचाल लिया। साथ ही हर संभव मदद का भरोसा भी दिया। आईजी कानपुर जोन आलोक सिंह ने बताया कि बदमाश को दबोचने के लिए सीओ कल्याणपुर, पनकी, काकादेव और बिठूर थानाध्यक्ष की अगुवाई में चार टीमें बनाई गई हैं। जल्द ही शातिर को दबोच लिया जाएगा।
3 of 4
अस्पताल में भर्ती घायल चौकी इंचार्ज
सिपाही ने लिखाई रिपोर्ट
चौकी प्रभारी को गोली मारने के मामले में सिपाही गिरजेश कुमार ने पनकी थाने में अज्ञात बदमाश के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में हत्या के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। जांच में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
बढ़ रही हैं इलाके में चोरियां
पनकी इलाके में चोरियां बढ़ रही हैं। दो दिन पहले पनकी सुंदर नगर में चोरों ने एक ही रात में चार घरों के ताले तोड़ कर लाखों का माल पार कर दिया था। इसके पहले भी क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं हुईं थीं। घटनाएं रोकने के लिए चौकी प्रभारी हमराह सिपाही के साथ गश्त पर निकले थे।