ओमपुरवा चकेरी की नाबालिग लड़की से गैंगरेप के दूसरे आरोपी विनीत उर्फ कल्लू को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। कल्लू शहर छोड़कर भागने की फिराक में था लेकिन पुलिस की दबिश में फंस गया।
उसे श्याम नगर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार कल्लू गुजरात के वडोदरा की कंपनी लक्ष्मी एसोसिएट्स में ड्राइवर है। पुलिस का कहना है कि गैंगरेप के समय कल्लू ही कार चला रहा था। अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। अभी मामले के दो आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
गैंगरेप की पीड़ित लड़की बुधवार को शहर लौट आई। पुलिस के मुताबिक गुरुवार को लड़की का बयान कोर्ट में दर्ज कराया जाएगा। फरार आरोपियों के सिलसिले में पुलिस ने गुजरात पुलिस से संपर्क साधा है, क्योंकि गैंगरेप में प्रयुक्त कार गुजरात की थी। कल्लू के मुताबिक कार का नंबर जीजे 06 एच डी 5620 है।
अब पुलिस कार का जीपीएस रिकार्ड निकाल रही है। इससे पता चल जाएगा कि घटना वाले दिन कार की लोकेशन क्या थी। कार कहां और किस रूट पर गई थी। चकेरी थानाध्यक्ष राजीव द्विवेदी का कहना है कि गैंगरेप में शामिल विनीत उर्फ कल्लू के कपड़े बरामद किए जाएंगे। यदि उस पर सीमन का अंश मिला तो जांच कराई जाएगी।
यह साक्ष्य के तौर पर काम करेगा। थानाध्यक्ष ने कहा कि कुलदीप और इंजीनियर जयदीप को भी गिरफ्तार किया जाएगा। ये दोनों गुजरात की कंपनी लक्ष्मी एसोसिएट्स में काम करते हैं। दबिश दी जा रही है।
हाइवे की सुरक्षा दुरुस्त होगी ः आईजी
आईजी जोन आशुतोष पांडेय ने हाइवे की सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने की पहल की है। इसी सिलसिले में आईजी ने एसपी उन्नाव पवन कुमार से बात भी की। आईजी ने कहा कि जाजमऊ गंगा पुल से लखनऊ सीमा तक सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की जाए।