कोहना के मन्नीपुरवा मुहल्ले में बुधवार शाम लीकेज सिलेंडर से आग लगने से घर के अंदर सो रहे 11 साल के बालक की जलने से मौत हो गई। लपटों से दो घरों की गृहस्थी भी खाक हो गई। बच्चे को बचाने की कोशिश में पिता भी झुलस गए। मन्नीपुरवा में अक्षय गौतम अपनी पत्नी और तीन बेटों के साथ रहता है।
बुधवार शाम पत्नी खाना बनाने की तैयारी कर रही थी। बेटा शिवम कमरे में सोया था। इसी बीच अचानक रसोई गैस सिलेंडर में लीकेज के चलते आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे कमरे में फैल गई। पहले परिवार के लोगों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की लेकिन सफल न हो पाने पर बाहर भाग आए।
किसी को यह ध्यान नहीं रहा कि शिवम भीतर ही सो रहा है। तब तक शिवम की चीखें आने लगीं। पिता अक्षय शिवम को बचाने के लिए भीतर घुसा। आस-पास के लोग पानी से आग बुझाने में जुटे। फायर ब्रिगेड पहुंची, तब तक शिवम को बाहर निकाला जा चुका था। उसकी नब्ज थम चुकी थी।
करीब पौन घंटे बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। रात में एडीएम सिटी अविनाश सिंह, तहसील की टीम, सपा विधायक सतीश निगम परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। इलाकाई लोगों ने 100 नंबर पर फोन उठने के बाद काट देने और फायर ब्रिगेड के डेढ़ घंटे बाद पहुंचने की शिकायत की। कर्नलगंज सीओ विवेक त्रिपाठी ने कहा जांच की जा रही है।