हरदोई के संडीला इलाके में बरेली एसटीएफ ने ट्रक में जा रही दो करोड़ कीमत की चरस बरामद की। ट्रक नेपाल बॉर्डर के महाराजगंज से मेरठ ले जाया जा रहा था। ट्रक रूकवाने के बाद एसटीएफ ने चालक व परिचालक को दबोच लिया, जबकि ट्रक मालिक एसटीएफ की टीम को गच्चा देकर भाग निकला।
संडीला कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-लखनऊ रोड पर सरांय मारुतपुर पुलिया के निकट रविवार रात करीब 10 बजे एक ट्रक खड़ा हुआ। ट्रक का हेल्पर पहियों में हवा की जांच कर रहा था। ट्रक के करीब चालक व हेल्पर के अलावा एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। ट्रक हरदोई से लखनऊ की तरफ ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बरेली एसटीएफ टीम की गाड़ी ट्रक के करीब रुकी। गाड़ी रुकते ही एसटीएफ की टीम ने चालक व हेल्पर को दबोचा और ट्रक के नंबर आदि की छानबीन करने लगे। इसी दौरान ट्रक के करीब खड़ा तीसरा व्यक्ति अंधेरा होने के कारण भाग निकला।
पूछताछ में चालक ने ट्रक नेपाल बार्डर के महाराजगंज स्थित लौतनवा से लाने की बात कही। उसका कहना था कि ट्रक मालिक ने बताया था कि हरदोई से कोल्डड्रिंक लोड करनी है। पूछताछ के बाद एसटीएफ कर्मियों ने ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान चालक के पीछे की सीट के नीचे प्लास्टिक की तीन बोरियां व ट्रक के ऊपर टूल बाक्स से उसी प्रकार की तीन बोरियां बरामद हुईं। बोरियों खोलकर अदंर रखे पदार्थ की जांच की गई तो मादक पदार्थ निकला। एसटीएफ की टीम ने माल समेत ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ के बाद संडीला कोतवाली पुलिस के सपुर्द कर दिया। सीओ प्रीती सिंह ने बताया कि ट्रक नंबर यूपी 15 एटी 8097 नेपाल बार्डर स्थित महाराजगंज के नौतनवा से मेरठ ले जाया जा रहा था। ट्रक मेरठ के सुशांत सिटी के शंकर खेड़ा निवासी संजू शर्मा पुत्र रामवीर शर्मा का है। जबकि चालक चरन सिंह पुत्र वेदराम व हेल्पर बबलू पुत्र करन सिंह निवासी शरीफपुर थाना सिम्भावली हापुड के रहने वाले हैं। ट्रक से बरामद हुई बोरियों में भरे पैकेटों में चरस भरा है। इसकी मात्रा करीब 1 क्विंटल 85 किलो है, जिसकी बाजार में लगभग 2 करोड़ कीमत है। सीओ सिटी ने बताया कि चरस मेरठ पहुंचाया जाना था। उन्होंने बताया कि ट्रक मालिक, चालक व हेल्पर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बताया कि पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।