मैनपुरी के थाना दन्नाहार क्षेत्र में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने दो दिन थाने में बैठाने के बाद छोड़ दिया। आरोपी अब पीड़िता पर मुकदमा वापसी का दबाव बना रहा है। उसके परिवार को भी धमकियां दी जा रही हैं। सोमवार को पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना-पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
बताया गया है कि हाल ही में मैनपुरी के थाना दन्नाहार क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी ने श्याम सिंह निवासी नगला बल्लम थाना घिरोर और जगवेंद्र निवासी गांव मनौना थाना कुरावली पर घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। जब पीड़िता ने अपने पिता को इस बात की जानकारी दी तो पीड़ित पिता की ओर से थाने में दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया गया।
आरोप है कि पुलिस ने घटना के कुछ दिन बाद ही एक आरोपी श्याम सिंह को पकड़ लिया था लेकिन दो दिन थाने में बैठाने के बाद उसे छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी फिर पीड़िता से संपर्क कर बुरा सुलूक करने लगा। अब वह उस पर मुकदमा वापसी के लिए दबाव बना रहा है। पीड़िता के परिवार को भी धमकी दी जा रही हैं।
सोमवार को एसपी से शिकायत में पीड़िता ने बताया कि आरोपी पक्ष का कहना है कि अगर समझौता नहीं किया तो पह जान से मार देगा। पीड़िता ने एसपी राजेश एस को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।