फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उन्नाव: गला रेतकर युवक की हत्या, झाड़ी में मिला शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

Wed, 10 Jun 2020 11:18 AM IST
शिखा पांडेय क्राइम डेस्क, अमर उजाला, उन्नाव
विज्ञापन
गला रेतकर युवक की हत्या - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
उन्नाव-रायबरेली मुख्य मार्ग से 10 मीटर दूर रैथाना गांव के संपर्क मार्ग पर झाड़ी में करीब 25 वर्षीय युवक का शव मिला। शव मिलने से सनसनी फैल गई। हत्यारों ने धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर हत्या की है। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गहरे जख्म हैं। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन


एसपी ने बताया कि पहचान होने के बाद हत्या की गुत्थी सुलझ पाएगी। बुधवार सुबह लगभग 7:30 बजे रैथाना गांव की ओर जा रहे एक दूधिए ने 25 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा। उसने ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दी। एसओ जावेद अख्तर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी।

एसपी विक्रांतवीर, एएसपी विनोद कुमार पांडेय, सीओ बीघापुर एके राय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। सुराग तलाशने के लिए फील्ड यूनिट टीम को बुलाया गया। भारी पुलिस बल के साथ ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पुलिस ने रैथाना, बहुराजमऊ, कठार, ढिमरा, शिवरतनखेड़ा, रानीपुर समेत दस से अधिक गांवों के लोगों को पहचान के लिए बुलाया गया।
विज्ञापन


वह सभी मृतक की पहचान नहीं कर सके। पुलिस के अनुसार युवक को कहीं बाहर से लाकर यहां हत्या की गई है। हत्यारों ने उसकी गर्दन रेतने के साथ ही हाथ, सिर, कमर, पेट व अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से हमला किया।
Trending Videos

मृतक के शरीर पर हल्के गुलाबी रंग की टीशर्ट व नीली पैंट पहने है। पैर में मोजे हैं लेकिन जूते नहीं मिले हैं। एसपी विक्रांतवीर ने बताया कि घटनास्थल पर काफी खून फैला है। इससे यह स्पष्ट है कि हत्या इसी स्थान पर की गई है। आसपास किसी वाहन के पहिए के निशान नहीं मिले हैं।

उन्होंने बताया कि शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। जबतक मृतक की पहचान नहीं होती तबतक घटना की तह तक पहुंचने में मुश्किल होगी। एएसपी विनोद कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमें घटना के खुलासे के लिए बनाई गई है। बताया कि शीघ्र पहचान करा घटना का खुलासा किया जाएगा।

घटनास्थल के आसपास घूमता रहा खोजी कुत्ता
घटना की जांच के लिए मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट टीम ने कुछ निशान सुरक्षित किए। सुराग तलाशने के लिए स्निफर डॉग को भी छोड़ा गया। शव को सूंघते हुए खोजी कुत्ते ने आसपास चक्कर लगाए और फिर शव के पास आकर रुक गया। खोजी कुत्ते से पुलिस को विशेष मदद नहीं मिल सकी।
विज्ञापन

रायबरेली व फतेहपुर जिलों से भी जुड़ता है घटनास्थल
जिस रैथाना गांव के पास युवक का शव मिला है वहां से उन्नाव की दूरी 35 किमी, रायबरेली की 65 किमी और फतेहपुर जिले की सीमा (वाया बक्सर गंगापुल) की दूरी 28 किमी है। पुलिस को शक है कि रात के समय किसी वाहन से युवक को यहां लाने के बाद हत्या कर दी गई है।

पुलिस रायबरेली, फतेहपुर, लखनऊ, कानपुर समेत अन्य जिलों की पुलिस को सोशल मीडिया के जरिए फोटो भेजकर शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। आसपास के जिलों में हाल के दिनों में दर्ज हुई गुमशुदगी के बिंदु पर जांच की जा रही है।

सर्विलांस टीम भी कर रही जांच
युुवक की हत्या मंगलवार देर रात हुई है। पुलिस की सर्विलांस टीम बीटीएस (बेस ट्रांसमीशन सिस्टम) के जरिए यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रात के समय घटना स्थल के आसपास कितने मोबाइल नंबर सक्रिय रहे। एसओ जावेद अख्तर ने बताया कि सभी बिंदुओं पर तेजी से जांच की जा रही है। घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें