महाराजपुर थाना क्षेत्र में सरसौल नवोदय के पास शनिवार शाम दो बाइक सवार बदमाशों ने पति के साथ बाइक पर घर लौट रही टीचर अनुपमा मिश्रा का पर्स लूट लिया। पर्स बचाने के चक्कर में बाइक फिसल गई, जिसमें टीचर घायल हो गई, जबकि लुटेरे फरार हो गए।
घायल टीचर का इलाज को हैलट के सामने निजी हॉस्पिटल के आईसीयू में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक अनुपमा कोमा में है। पुलिस वारदात को हादसा बता रही है।
श्याम नगर निवासी अनुपमा मिश्रा के पति विनोद मिश्रा ने बताया कि अनुपमा रानीपुर प्राइमरी स्कूल में टीचर है और वे फतेहपुर में प्राइमरी स्कूल में टीचर हैं।
शनिवार शाम दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जीटी रोड सरसौल में नवोदय स्कूल के पास काली पल्सर पर सवार दो बदमाशों उसकी बाइक के बराबर चलने लगे। कुछ ही दूरी पर पीछे बैठे बदमाश ने अनुपमा के हाथ से पर्स छीन लिया। इसी छीनाझपटी में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
हादसे में अनुपमा जख्मी हो गई। विनोद ने बताया कि जख्मी अनुपमा को पहले पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे हैलट रेफर कर दिया। हैलट में बेहतर इलाज न होता देख परिजनों ने अनुपमा को सामने ही एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया है।
विनोद के मुताबिक पर्स में 4400 रुपये, मोबाइल फोन, सोने की एक अंगूठी और जरूरी कागजात एवं सामान थे। इधर, एसओ महाराजपुर के मुताबिक अनुपमा से लूट नहीं हुई है। बाइक स्लिप होने से वह गिर कर घायल हुई हैं।