कानपुर के रायपुरवा के लक्ष्मीपुरवा में मंगलवार रात पुलिस ने मेडिकल छात्र के घर में खिलवाए जा रहे सट्टे का खुलासा किया है। छात्र सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 14 हजार नकद और पर्चियां भी बरामद की हैं। पुलिस को बिरहाना रोड निवासी गिरोह के सरगना की तलाश है।
इंस्पेक्टर जय प्रकाश पाल ने बताया कि लक्ष्मीपुरवा निवासी आकाश प्रजापति कानपुर विश्वविद्यालय से पैरा मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। जानकारी मिलने पर जब उसके घर पर दबिश दी गई तो आकाश और नीरज हत्थे चढ़ गए। साथी पंकज उर्फ पिंटू और बिरहाना रोड निवासी सरगना मुकेश जायसवाल फरार है।
पुलिस के मुताबिक आकाश के भाई की मोबाइल की दुकान है। वहीं आरोपी नीरज गुप्ता की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। दोनों इन दुकानों की आड़ में सट्टा खेलते व खिलवाते हैं। यहीं पर पर्चियां इकट्ठा करते हैं और उसका विवरण दर्ज करते हैं।
पुलिस के मुताबिक मुकेश गिरोह का सरगना है। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह सट्टा खिलवाने का कमीशन मुकेश को देते हैं। इसी तरह से मुकेश फीलखाना, बजरिया, रायपुरवा, चमनगंज सहित कई जगहों पर ठेकों पर सट्टा खिलवाता है।