घटनास्थल पर लगी गांववालों की भीड़, सूना पड़ा भागवतकथा का पंडाल
भागवत कथा सुनने के दौरान हुए विवाद में किशोर ने दोस्त के सिर पर ईंट मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद हत्यारोपी मौके से भाग निकला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फर्रुखाबाद जिले के शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव रोशनाबाद में भागवत कथा चल रही है। सोमवार शाम करीब 6:30 बजे गांव के ही लालाराम बाल्मीकि का पुत्र गगन (14) और उसका दोस्त अर्जुन (15) पुत्र पप्पू भागवत कथा सुनने गए थे। कथा सुनने के दौरान किसी बात पर अर्जुन और गगन के बीच झगड़ा हो गया। इस पर दोनों में मारपीट होने लगी। इस दौरान अर्जुन ने गगन के सिर में ईंट मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अर्जुन मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर गगन के परिजन मौके पर आ गए। शव देख परिजन रोने-बिलखने लगे। सूचना मिलने पर थाना पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि दोनों के बीच पंडाल के पीछे मारपीट हुई, जिस वजह से घटना पता नहीं चल सकी। लालाराम ने बताया कि उसके तीन पुत्र इतबारी, पवन और गगन थे। गगन दूसरे नंबर का पुत्र था। पत्नी की आठ साल पहले मौत हो चुकी है। मेहनत मजदूरी कर गुजर-बसर करता है। एसओ मोहित यादव ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।