शुक्रवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक बच्चियों की हत्या और नीलम ने आत्महत्या की थी। नीलम की काॅल डिटेल के मुताबिक उसने 17- 18 फरवरी की रात 12ः53 पर पति सुनील से आखिरी बार करीब 57 सेकेंड बात की, माना जा रहा है किसी बात से गुस्से में आकर पहले सोती हुई दोनों बेटियों की गर्दन पतले तार से कसी और फिर फांसी लगा ली।
बता दें बृहस्पतिवार को तीनों के शव नौबस्ता के राजे नगर स्थित घर पर मिले थे। परिजनों ने पति सुनील पर हत्या का आरोप भी लगाया था। दो डॉक्टरों के पैनल से हुए पोस्टमार्टम में दोनों बच्चियों की गला कसकर हत्या और नीलम की मौत आत्महत्या साबित हुई।
पुलिस को मौके से कोई ऐसा सबूत नहीं मिला जो हत्या की ओर इशारा कर रहा हो हालांकि पुलिस ने आरोपी पति सुनील की तलाश खत्म नहीं की है। पुलिस जानना चाहती है कि आखिर पति ने ऐसा क्या कहा, जिससे नीलम ने इतना बड़ा कदम उठाया।
नीलम के फोन की काॅल डिटेल बता रही है कि बुधवार की रात 10 से बजे से लेकर 12 बजकर 53 मिनट के बीच तीन मर्तबा उसकी अपने पति सुनील से बात हुई है, जिसमें सबसे अधिक बात रात 10 बजकर 10 मिनट पर 15 मिनट 19 सेकेंड की हुई। सोनेलाल की भी मानें तो वह रात 11 बजे तक टीवी देख रहा था, इसके बाद सोया है। लिहाजा नीलम के कमरे में जो कुछ भी हुआ वह रात एक से डेढ़ के बीच ही हुआ है।
शुक्रवार को एसएसपी शलभ माथुर ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका-मुआयना किया। सुनील को गिरफ्तार करने का आदेश दिया। सुनील के चाचा राजाराम को हिरासत मे लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।