मौदहा। हाईवे स्थित बड़े चौराहे पर सड़क पार कर रही एक वृद्ध महिला को ट्रक ने टक्कर मार दी। वृद्धा के पैर को कुचलता हुआ ट्रक आगे बढ़ा तभी भीड़ को आता देखकर चालक ट्रक से कूदकर भागने लगा। लेकिन लोगों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
गुस्साए लोगों ने ट्रक पर पथराव कर दिया। जिससे ट्रक के शीशे टूट गए। इसके बाद वहां जाम लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। उधर घायल वृद्धा को कानपुर रेफर किया गया है।
बड़ा चौराहा पर वाहनों की आवाजाही व अतिक्रमण के कारण लोगों का निकलना दूभर है। कहने को तो यहां पुलिस पिकेट रहती है। लेकिन ट्रैफिक पुलिस के न होने से संचालन किया जाता है। शनिवार को दोपहर रागौल निवासी अब्दुल सत्तार की पत्नी तहजीब (65) अपने रिश्तेदार के यहां जा रही थी।
तभी ट्रक ने टक्कर मार दी। उसके गिरते ही ट्रक का पहिया उसके पैर को कुचलता हुआ निकल गया। यह देख ट्रक का चालक घबरा गया और ट्रक खड़ा कर भागने लगा, मगर लोगों ने उसे पकड़ लिया। लोगों ने ट्रक पर पथराव कर दिया और जाम लगा दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाया।
पुलिस ने चालक को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक उन्नाव के बांगरमऊ का ट्रक है और वहीं का चालक लाल बहादुर उर्फ जयपाल पुत्र जवाहर पुलिस की हिरासत में है। गंभीर अवस्था में महिला को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर भेजा गया है।
-गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़ कर पीटा, ट्रक के शीशे तोडे़
अमर उजाला ब्यूरो