बांदा। 16 वर्षीय किशोरी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अतर्रा थाना क्षेत्र के लोधन पुरवा में नीता कुमारी पुत्री रामकेश वर्मा ने शुक्रवार की देर रात कमरे में तहमद (लुंगी) से फांसी लगा ली।
शनिवार को सुबह दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पेशे से किसान पिता रामकेश ने बताया कि घटना के वक्त घर में वह और उसकी पुत्री नीता थी। पत्नी मुन्नी और पुत्र पवन कुमार फसल काटने खहरा गांव गए हैं।
मृतका 5वीं तक पढ़ी थी और शादी की बात चल रही थी। अतर्रा थाना निरीक्षक बलजीत सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया आत्महत्या है। जांच की जा रही है। उधर, ग्रामीणों में चर्चा रही कि रात में किसी युवक के घर आ जाने से क्षुब्ध किशोरी ने आत्महत्या कर ली।