अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास परिषद स्थित एक विद्यालय में मंगलवार को मार्कशीट में नाम सही कराए जाने को भटक रहे छात्र के अभिभावक व शिक्षकों में जमकर मारपीट हुई। यूपी 100 ने दोनों पक्षों को कोतवाली पहुंचाया। जहां बाद में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।
मंगलवार को आवास विकास परिषद स्थित एक विद्यालय में तिलक नगर निवासी पीड़ित छात्र पहुंचा। प्रधानाध्यापिका से छात्र भाई ने 2013 की इंटरमीडिएट की मार्कशीट में गलत नाम को सही कराने को कहा। इस पर प्रधानाध्यापिका की ओर से बोर्ड स्तर से ही दुरस्तीकरण संभव होने की बात कहते हुए आवश्यक कागज उपलब्ध कराए जाने को कहा।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षाें में तू-तू मैं-मैं होने लगी। देखते ही देखते शिक्षकों व छात्र के भाई के बीच हाथापाई हुई। छात्र के भाई ने प्रधानाध्यापिका पर डंडे से पीटने का आरोप लगाया। वहीं प्रधानाध्यापिका ने छात्र के भाई पर गला पकड़कर दबाने का आरोप लगाया। इसी बीच विद्यालय से किसी ने यूपी 100 को फोन कर दिया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली पहुंचाया।
दोनों पक्षों की ओर से पहुुंचे लोगों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया। उधर, कोतवाली प्रभारी संतोष मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी है। दोनों पक्षों की ओर से आपसी समझौता कर लिखित रूप से एक-दूसरे पर कोई कार्रवाई न करने की बात कही है।