अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। पुलिस की गिरफ्त में आया बाइक चोरी का आरोपी शौचक्रिया का बहना बनाकर कोतवाली से फरार हो गया। पुलिस ने एक घंटे बाद उसे दोबारा पकड़ा।
पुलिस ने बुधवार रात लगभग साढ़े 10 बजे छापा मारकर ग्राम रठगांव से बाइक चोरी के आरोपी सूरज चक पुत्र सर्वेश चक को गिरफ्तार कर हवालात में बंद कर दिया था। तड़के लगभग साढ़े चार बजे पेट में दर्द होने की बात कहकर सूरज चीखने लगा। इस दौरान वह शौचक्रिया के लिए बाहर लगाया गया। पहरा मान सिंह को चकमा देकर सूरज फरार हो गया। इसकी जानकारी पहरा ने आदित्य विक्रम सिंह व कोतवाली अखिलेश मिश्रा को दी।
एसओ ने पुलिस फोर्स को फरार आरोपी की गिरफ्तारी में लगा दिया। चार टीमें बनाईं गईं। मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार सुबह सूरज को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि फरार आरोपी के खिलाफ पुलिस को चकमा देकर भागने का मामला भी दर्ज किया गया है।