अमर उजाला ब्यूरो
बेला(औरैया)। थाना क्षेत्र के गांव नंदपुर मोड़ चक्की में शनिवार रात चोरों ने एक बंद मकान से नगदी सहित लाखों के जेवरात पार कर दिए। घटना के दौरान दोनों गृहस्वामी घर में सो रहे थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम नंदपुर मोड़ चक्की निवासी ओमप्रकाश पुत्र श्रीराम व गया प्रसाद पुत्र लाखन सिंह ने थाना बेला पहुंचकर पुलिस को घरों में चोरी होने की तहरीर दी है। पीड़ितों ने बताया कि शनिवार रात दोनों गृहस्वामी अपने-अपने घरों में सो रहे थे। इस दौरान उनमें से कुछ लोग घर के बाहर भी सो रहे थे।
रात लगभग 12 से 2 बजे के बीच चोरों ने घरों की बिजली काट दी। साथ ही अंधेरे का फायदा उठाकर दीवार के सहारे जीने से नीचे उतरकर घर में घुस गए। जहां चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ पत्नी व बहन के रखे कीमती सोने व चांदी के जेवरात तथा 20 हजार रुपये पार कर ले गए।
वहीं पड़ोसी गया प्रसाद पुत्र लाखन सिंह के घर से उनकी पत्नी सुनीता देवी के गहने व कुछ नगद रुपया आदि समान चोरी कर ले गए। पीड़ितों ने बेला थाना पुलिस को मामला दर्ज कराने को तहरीर दी है।
इस मामले में बेला थानाध्यक्ष बलराज शाही ने बताया कि चोरों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जल्द ही चोरों का पता लगाते हुए चोरी का सामान मिलते ही सूचना की जाएगी।