अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो महिलाओं समेत चार लोगों ने जहर खा लिया। तबीयत खराब होने पर अस्पताल ले जाते समय युवक की मौत हो गई। तीन का जिला अस्पताल में इलाज हो रहा है। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हुसैनगंज थाने के सरैला गांव निवासी कामता प्रसाद साहू का बेटा राकेश (28), पत्नी राधा व चार साल के बेटे बउवा के साथ शहर के रामगंज पक्का तालाब मोहल्ले में मूलचंद्र साहू के मकान में छह महीने से किराएदार था। इसी मकान के दूसरे कमरे में युवक के ससुर भोला साहू और सास देवरती रहते हैं। राकेश कपड़ों की फेरी लगाता था। सोमवार की भोर उसने संदिग्ध हालात में घर में ही जहर खा लिया। तबीयत खराब होने पर पत्नी अपने माता-पिता को साथ लेकर अस्पताल आ रही थी। रास्ते में राकेश की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पत्नी ने पोस्टमार्टम हाउस में जहर खाने के बारे में अनभिज्ञता जताई।
उधर, थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा निवासी प्रेम की बेटी रंजना (18) ने रविवार रात घर में जहर खा लिया। परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसी थाना क्षेत्र के बहरामपुर निवासी शिवगोविंद के बेटे दीपू (20) ने जहर खा लिया। परिजनों ने रात दो बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। खागा कोतवाली के लौकियापुर निवासी अरविंद की पत्नी रीता (24) ने पति की डांट से क्षुब्ध होकर सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया। युवती के ससुरालीजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सभी की हालत में सुधार हो रहा है।