अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। इंडियन आयल पुलिस चौकी के आगे वाहन का इंतजार कर रही महिला के बाले व जंजीर बाइक सवार बदमाशों ने लूट ली। घटना के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। पीड़िता ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है।
कानपुर देहात के रसूलाबाद निवासी अनीता देवी पत्नी राधेश्याम गुरुवार को रिश्तेदारी में औरैया के एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह में आई थी। शादी समारोह में शामिल होने के बाद वह शुक्रवार शहर के इंडियन आयल तिराहे के पास वाहन का इंतजार कर रही थी। तभी इटावा की ओर से एक बाइक पर दो बदमाश आए।
महिला के पास बाइक रोकी, झपट्टा मारते हुए बाले व जंजीर लूट ली। जब तक महिला कुछ समझ पाती तब तक बाइक सवार बदमाश भाग गए। लूट की घटना होने के बाद महिला रोने लगी। महिला को रोता देख मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। महिला ने कोतवाली पुलिस को फोन मिलाया पर नंबर न मिलने पर वह पुलिस चौकी पहुंची।
पीड़िता ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी है। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसे टकराने का भी प्रयास किया। आए दिन हो रही आपराधिक घटनाओं से शहरवासियों में पुलिस के प्रति आक्रोश है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मदनगोपाल गुप्ता ने बताया कि फिलहाल उन्हें तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी जाएगी।