मोबाइल जमा कराने पर छात्रों ने शिक्षक को पीटा
राजेंद्र सिंह इंटर कालेज नवाबगंज में अर्द्धवार्षिक परीक्षा के दौरान घटना
पत्थर लगने से शिक्षक बेहोश, प्रधानाचार्य ने दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
नवाबगंज। राजेंद्र सिंह इंटर कालेज नवाबगंज में शनिवार को अर्द्धवार्षिक परीक्षा में मोबाइल जमा कराने को लेकर छात्रों का शिक्षक से विवाद हो गया। कालेज से बाहर निकालने पर छात्रों ने शिक्षक को पीट दिया। साथी शिक्षकों को आता देख छात्रों ने पथराव कर दिया। पत्थर लगने से एक शिक्षक बेहोश हो गए। प्रधानाचार्य ने तहरीर दी है।
कालेज में कक्षा छह से इंटर तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हैं। शनिवार को कक्षा 10 व 11 के कुछ छात्र परीक्षा में मोबाइल लेकर आए। शिक्षक विनोद कुमार ने छात्रों के मोबाइल जमा करने के बाद कक्ष में बैठने दिया। इस दौरान एक छात्र का शिक्षक से विवाद हो गया। शिक्षक ने प्रधानाचार्य अवधेश यादव को जानकारी दी। उन्होंने छात्र के पिता को स्कूल बुलाकर जानकारी दी। परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र कालेज के बाहर गया और उसने सात आठ दोस्तों को के साथ शिक्षक विनोद कुमार के बाहर निकलते ही पीटना शुरू कर दिया। प्रधानाचार्य व अन्य शिक्षक दौड़ कर गेट पर आए। शिक्षकों को आता देखकर छात्रों ने पथराव करना शुरू कर दिया। विनोद कुमार के पेट में एक पत्थर लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़े। प्रधानाचार्य शिक्षकों के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने आठ छात्रों के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष रजनीश चौहान ने बताया कि जांच की जा रही है।