चरखारी। कोतवाली चरखारी के ग्राम सूपा रेलवे स्टेशन के पास बोलेरो सवार तीन दबंगों ने बाइक सवार ठेकेदार को रोककर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी।
पैसा देने का विरोध करने पर दबंगों ने ठेकेदार से मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
कोतवाली चरखारी के ग्राम बम्हौरी बेलदारान निवासी पुष्पेंद्र पाठक पुत्र उमेश सड़कों व अन्य निर्माण कार्यों की ठेकेदारी करते हैं। मंगलवार रात पुष्पेंद्र करीब आठ बजे ग्राम नरेडी में बालू का डंपर खाली कराने बाइक से जा रहे थे, तभी सूपा रेलवे स्टेशन के पीछे बोलेरो सवार तीन लोगों ने पीछा करके बाइक रोक ली और 50 हजार रुपये रंगदारी मांगी।
धमकी दी कि यदि पैसा नहीं दिया तो जहां तुम्हारे काम चल रहे हैं उन्हें नहीं होने दिया जाएगा और यदि किसी से शिकायत की तो परिवार समेत जान से मार देंगे। 50 हजार रुपये देने का विरोध करने पर दबंगों ने ठेकेदार से मारपीट की। जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित ने कोतवाली चरखारी पहुंच घटना की नामजद तहरीर दी।
पुलिस ने करन पुत्र रामसेवक यादव, भूपति पुत्र सरमन कुशवाहा व नंदराम निवासी ग्राम सालट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। चरखारी के प्रभारी कोतवाल अजीज यादव के निर्देश पर सूपा चौकी प्रभारी नंदराम प्रजापति आरोपियों की तलाश में दबिश दी है।
-विरोध पर मारपीट व जान से मारने की धमकी दी
-तहरीर के आधार पर तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो