रूरा में खाद्य टीम का छापा, दूध छोड़कर भागे दूधिये
अमर उजाला ब्यूरो
रूरा। कस्बे में डेरापुर रोड पर खाद्य निरीक्षक की टीम ने रविवार की सुबह दूध के नमूने भरे। इस दौरान कस्बा में छापा पड़ने की जानकारी फैलते ही दुकानदारों में भगदड़ मच गई। कई दूधिए दूध छोड़कर भाग गए।
अकबरपुर तहसील के खाद्य निरीक्षक एसएस निरंजन ने बताया कि कस्बा के डेरापुर रोड पर निरीक्षण अभियान के दौरान दूध लेकर जा रहे कस्बा निवासी ज्ञानेंद्र शुक्ला को रोककर 40 लीटर के कैनों से दूध के नमूने भरे गए। दूध कारोबारी ने पूछताछ में गोलमोल जवाब दिया। कई दुकानदार दुकानें बंदकर चले गए। खाद्य निरीक्षक ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 27 जून तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें खाद्य पदार्थों का निरीक्षण किया जाएगा।