पुखरायां (कानपुर देहात)। भोगनीपुर कोतवाली से महज पांच सौ मीटर दूर गुरुवार को दिन दहाड़े हाईवे किनारे ट्रांसपोर्टर की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंककर बाइक सवार बदमाशों ने दो लाख दो हजार रुपये लूट लिए। ट्रांसपोर्टर बाइक से कैश लेकर बैंक जा रहे थे। एसपी अनुराग वत्स और एएसपी अनूप कुमार ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। उन्होंने लूट का जल्द खुलासा किए जाने का दावा किया है।
भोगनीपुर निवासी मोहम्मद राशिद के पास स्वयं के ट्रक हैं और वह ट्रांसपोर्ट का भी काम करते हैं। उनका खाता पुखरायां स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा में है। गुरुवार दोपहर वह अपने खाते में रुपये जमा करने के लिए घर से दो लाख दो हजार रुपये लेकर बाइक से बैंक जा रहे थे। तभी कोतवाली के पास हाईवे पर पीछे से आ रहे बाइक सवार लोगों ने आवाज लगाई। वह मुड़कर देखने लगे। तब तक बाइक सवार आगे आ गए और अपनी बाइक सामने लगा दी। वह कुछ समझ पाते तब तक उन्होंने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। इससे उनके हाथों से बाइक छूट गई वह वहीं गिर पड़े। बाइक सवार लुटेरों ने उनकी जेब से दो लाख दो हजार रुपये निकाल लिए और मिर्ची पाउडर उनके हाथों में थमाते हुए कहा कि यह लो अपने रुपये। वह पास ही एक टायर पंचर की दुकान पर पहुंचे और घटना की जानकारी दी। पानी से आंखें धोई। इसके बाद यूपी डायल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। भाई मोहम्मद शारिक को घटना बताई।
लूट की जानकारी पर सीओ आशा पाल सिंह, कोतवाल धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक स्थानीय लोगों ने मिर्ची पाउडर के जलन से परेशान ट्रांसपोर्टर को एक निजी डॉक्टर के यहां पहुंचा दिया। वहीं पहुंचे एएसपी अनूप कुमार ने लूट का शिकार हुए मोहम्मद राशिद से घटना की जानकारी ली। एसपी अनुराग वत्स भी पहुंच गए। उन्होंने आसपास के लोगों से जानकारी की। तब तक राशिद को घर भेज दिया गया। इस पर नाराजगी जताई। उनके भाई शारिक ने बताया कि लूट के समय उसके भाई ने हाथापाई करने की भी बात कही है। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि मिर्ची पाउडर आंखों में डालकर लूट की घटना को अंजाम देने के बयानों में भिन्नता है। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा। कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रथ द्रष्टया घटना संदिग्ध लग रही है।