ंगाघाट के आदर्श नगर निवासी महिला 10 दिसंबर को आग की चपेट में आकर झुलस गई थी। उसकी लखनऊ के मेडिकल कालेज में शुक्रवार रात मौत हो गई। लखनऊ में ही महिला का पोस्टमार्टम हुआ। शनिवार को शव जब घर पहुंचा तो मायके पक्ष ने पति पर महिला को जलाकर मारने का आरोप लगाकर हंगामा किया। मृतका के भाई ने जलाकर मार डालने की तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
आदर्श नगर निवासी नीरज (48) चंदेल पत्नी मनोज चंदेल 10 दिसंबर को आग की चपेट में आकर झुलस गई थीं। पति ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है और विवाह के 28 वर्ष हो गए है। लेकिन हम लोग निसंतान हैं। जिसे लेकर पत्नी तनावग्रस्त रहती थी। बताया कि मोहल्ले में उनका खुद का मकान है, जिसमें वह और पत्नी के अलावा दो किरायेदार रहते हैं। दस दिसंबर की रात करीब दस बजे पत्नी सर्दी से बचाव के लिए अलाव जला रही थी तभी किसी तरह आग की चपेट में आ गई। चिल्लाने पर पहुंचे तो पत्नी आग का गोला बन चुकी थी। किसी तरह से आग बुझाई और राजधानी मार्ग स्थित एक नर्सिंग होम ले गए। जहां हालत में सुधार न होने पर कुछ दिन बाद कानपुर के उर्सला अस्पताल ले गए। यहां भी हालत में सुधार न देख तो लखनऊ मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।
इसकी जानकारी ससुराल वालों को भी दे दी थी। शुक्रवार देर रात उपचार के दौरान पत्नी ने दम तोड़ दिया। मृतका के भाई रुपेंद्र सिंह पुत्र जयवीर सिंह निवासी ग्राम करौरा थाना सिरसागंज जिला फिरोजाबाद ने पुलिस को तहरीर देकर पति व उसके सगे संबंधियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखे जाने की मांग की है।