बारासगवर (उन्नाव)। जगतनगर में तीन दिन से लापता 22 वर्षीय युवती का शव सोमवार सुबह कुएं में मिला। मंदिर के पुजारी ने दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर उसकी पहचान कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।
अशोक कुमार की 22 वर्षीय बेटी शिवानी 13 मई को लापता हो गई थी। अशोक कुमार ने 16 मई को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार सुबह घर से दो किमी दूर जगतगपुर स्थित हनुमान मंदिर के पास स्थित कुएं में दुर्गंध आने पर मंदिर के पुजारी कुएं में झांके तो शव दिखाई दिया। पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर पहचान कराई। पिता ने गुरुवार शाम को शिवानी के घर से जाने की बात पुलिस को बताई है। मृतका का पिता धानीखेड़ा बाजार में किराये की दुकान लेकर बक्से बनाने का काम करता है। सीओ कृपाशंकर कनौजिया ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि मंदिर जाते या लौटते वक्त युवती कुएं में गिर गई। इससे डूबकर उसकी मौत हो गई। शिवानी का शव मिलने के बाद मां रन्नो देवी समेत अन्य परिजनों का रोकर बुरा हाल रहा। मृतका पांच बहनों में सबसे बड़ी थी।