कानपुर। फर्जी दस्तावेजों पर लोन दिलाकर करोड़ों की चपत लगाने वाले ठग संजय श्रीवास्तव को कल्याणपुर पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कानपुर में छह, देहात में एक और लखनऊ में नौ केस दर्ज हैं। सीबीआई लखनऊ में भी उसके खिलाफ मुकदमा चल रहा है। पिछले कई महीने से वह फरार चल रहा था।
एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि ई-डब्ल्यूएस आवास विकास 3 कल्याणपुर निवासी संजय श्रीवास्तव लोगों को प्रॉपर्टी पर लोन कराने का झांसा देता है। लोन कराने के बाद वह प्रॉपर्टी को बेच देता है और रकम लेकर फरार हो जाता है। बाद में खरीदार को पता चलता है कि उस प्रॉपर्टी पर कई लोग दावा कर रहे हैं। यानी वह एक ही प्रॉपर्टी को कई बार बेचता है। फीलखाना की यूनाइटेड बैंक से एक करोड़ और काकादेव स्थित यूके बैंक से एक ही प्रॉपर्टी पर लाखों का लोन दिलाकर संजय ने लेकर चपत लगा दी थी।
किडनी खराब होने की बात कह हड़पी थी रकम : शातिर संजय और उसका साथी अभिषेक जमीनों को बेचकर और लोन लेकर चपत लगाने के अलावा रिश्ते बनाकर लोगों को ठगते भी हैं। एसपी के मुताबिक कुछ समय पहले ये दोनों शातिर राजाजीपुरम निवासी पीएल दीक्षित के संपर्क में आए थे। उनको संजय ने बताया कि उसकी किडनी खराब है। इसके बदले में मदद के नाम पर उनसे लाखों रुपये वसूले। संजय लोगों को विश्वास में लेकर उनके दस्तावेज पर लोन लेकर या फिर कार, बाइक फाइनेंस करवाकर फरार हो जाता था।