इटावा। सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय में सोमवार की रात एमडी छात्रा डॉ. वंदना शुक्ला का फंदे पर शव मिलने के अगले ही दिन, मंगलवार से शादीशुदा नर्सिंग छात्रा कंचन के लापता होने की जानकारी सामने आई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसकी सूचना छात्रा के पति व सैफई पुलिस को दी। बुधवार को पति ने थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई है।
मैनपुरी जिले के थाना किशनी के गांव खड़ेपुर निवासी अनुपम की पत्नी कंचन नर्सिंग ट्रेनिंग एएनएम की फाइनल वर्ष की छात्रा है। उसकी परीक्षा गत जुलाई माह में हो चुकी है। सैफई के पैरामेडिकल नर्सिंग हॉस्टल में रह रही कंचन 24 सितंबर की दोपहर से लापता बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि वह वार्डन को हास्पिटल जाने की बात कहकर हॉस्टल से निकली थी। तब से नहीं लौटी। सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय में पीआरओ अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि कंचन दो वर्षीय एएनएम कोर्स के फाइनल वर्ष की परीक्षा दे चुकी है।
फिलहाल अनापत्ति प्रमाणपत्र न देने से हॉस्टल में ही रह रही थी। सहायक प्रशासनिक अधिकारी ने छात्रा के लापता होने की सूचना सैफई थाने और छात्रा के पति को दी थी।
बुधवार को पति अनुपम ने कंचन की गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई है। इस सूचना पर थाना पुलिस ने गत बुधवार को पैरामेडिकल परिसर के हॉस्टल जाकर स्टाफ व छात्राओं से पूछताछ भी की लेकिन उसका कोई पता नहीं लग पाया।