इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाने के गौरापुरा गांव में शुक्रवार की सुबह मैनपुरी से आए बाइक सवार चार हमलावरों ने रुपये के लेनदेन में एक व्यक्ति पर फायर कर दिया। गोली उसके पास खड़ी पत्नी को जा लगी। सैफई में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वह अपने पति के साथ मायके में आयोजित श्राद्ध भोज में शामिल होने आईं थी।
मैनपुरी जिले के मलुपुर गांव निवासी प्रभाकांत यादव अपनी पत्नी संगम (28) के साथ दो दिन पहले फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के जुगरामऊ पचावली रोड स्थित गौरापुरा गांव ससुराल में आए थे। यहां उन्हें श्राद्ध भोज में शामिल होना था। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उनकी ससुराल में बाइकों पर सवार चार लोग आए और उन्होंने प्रभाकांत को घर के बाहर बुलाया।
इसी बीच उनकी पत्नी भी आ गईं। बाइक सवारों में से किसी ने तमंचे से फायर कर दिया। फायर होने पर वे झुक गए और गोली उनके पास खड़ी पत्नी को जा लगी। आनन-फानन में पत्नी को पहले जेके हास्पिटल ले जाया गया, जहां से उसे सैफई मिनी पीजीआई रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दौरान पत्नी की मौत हो गई।
घटना के संबंध में सीओ सिटी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि मामला रुपयों के लेनदेन से जुड़ा बताया गया है। मामले की जांच चल रही है। घटना की सूचना काफी देर बाद दी गई। हमलावराें की धरपकड़ के लिए एसओजी टीम लगाई गई है। 2-3 मोटरसाइकिलों पर चार लोगों के मैनपुरी से आने की जानकारी मिली है। तीन नाम भी सामने आए हैं। अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।