बकेवर (इटावा)। औरैया निवासी एक युवक ने बकेवर स्थित मायके में मौजूद पत्नी को तीन तलाक बोलकर रिश्ता खत्म कर दिया। तीन तलाक बोलने वाले शख्स की रिश्ते की बहन की शादी पत्नी के भाई से हुई थी। कुछ दिन पहले उसका पति भी तीन तलाक बोलकर रिश्ता तोड़ चुका है। हालात के चलते इस मामले को तीन तलाक के बदले तीन तलाक के रूप में देखा जा रहा है।
बकेवर के हाफीजनगर में रहने वाले शमशुद्दीन की बेटी नसीम बानो ने रविवार को पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि औरैया के खानपुर निवासी उसके पति रहीस ने अचानक बकेवर आकर उसे तीन तलाक बोल दिया। निकाह को करीब 20 साल हो चुके हैं। तीन बच्चे हैं। 18 और 12 साल की बेटियों और करीब आठ साल के बेटे के साथ अकेले जीवनयापन मुश्किल होगा।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि तलाक की शिकायत लेकर आई महिला की ओर से 2015 में पति के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामला जांच के क्रम में है। इस बीच तीन तलाक की बात सामने आई है।
यह भी पता चला है कि नसीम बानो के भाई निजामुद्दीन ने 18 अगस्त को पत्नी नाजो को तीन तलाक दिया था। नाजो रिश्ते में रहीस की बहन है। इसलिए इस मामले को तीन तलाक के बदले तीन तलाक के रूप में भी देखा जा रहा है। हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।