कानपुर में भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी के घर पर सोमवार की रात बदमाशों ने बम से हमला कर दिया। धमाके की आवाज सुन कर सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों ने आसपास रहने वाले लोगों की मदद से तीन बदमाशों को पकड़ कर काकादेव थाना पुलिस के हवाले कर दिया। बदमाशों के पास से पुलिस ने देसी बम व तमंचा बरामद किया है।
काकादेव नवीन नगर में भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी का निवास है। विधायक ने बताया कि रात करीब 8:30 बजे वह टहल कर घर के अंदर जाने वाले थे कि अचानक पैरों से कुछ दूरी पर बम गिर कर फट गया। घर में मौजूद सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मी आरोपियों को पकड़ने के लिए भागे।
नीरक्षीर चौराहे के पास तीन बदमाशों को पकड़ कर मौजूद काकादेव थाने की पुलिस को सौंप दिया। चौथा मुख्य आरोपी भाग निकला। पुलिस ने तीनों के पास से तमंचा और देसी बम बरामद किया है। बदमाशों ने बताया कि मुख्य फरार आरोपी छोटू की रावतपुर में रंजिश है।
उसी को ठिकाने लगाने के लिए चारों बदमाश हथियार और बम लेकर निकले थे। पुलिस के पीछा करने पर विधायक के घर की तरफ भागते हुए पहुंच गए। एडिशनल सीपी कानून व्यवस्था आकाश कुलहरि ने बताया बदमाश पुलिस से बचने के लिए विधायक के घर की तरफ भागे थे। तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी के पकड़े जाने पर सच्चाई सामने आने का दावा किया है।