रसूलाबाद (कानपुर देहात)। बुधवार की शाम रोक के बाद भी जीत के जश्न में जिला पंचायत सदस्य व समर्थकों ने जुलूस निकाला। सूचना के बाद पुलिस ने जिपं सदस्य सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। हालांकि दूसरे दिन गुरुवार सुबह मुचलके पर सभी को छोड़ दिया गया।
कोरोना संक्रमण को लेकर पंचायत चुनाव में जीत के बाद जश्न मनाने व जुलूस निकालने पर रोक लगा दी गई थी। इसके बाद भी जीते जिला पंचायत सदस्य, प्रधान, बीडीसी आदि नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। एसआई सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि गश्त के दौरान सूचना मिली कि डभारी गांव में रसूलाबाद प्रथम से जिला पंचायत सदस्य राज कुमार सिंह समर्थकों के साथ विजयी जुलूस निकाल रहे हैं। आतिशबाजी भी चलाई जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस को देख जिला पंचायत सदस्य व समर्थक भागने लगे। पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर उसरी गांव में सदस्य सहित छह लोगों को पकड़कर थाने ले आई। प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण मिश्रा ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य सहित तीस पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। गुरुवार सुबह सभी को छोड़ दिया गया है। हूटर लगी स्कार्पियो कार को सीज कर दिया गया है।